मुंबई: बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों अपनी नई फिल्म धुरंधर 2 को लेकर सुर्खियों में हैं। लेकिन एक पुराने विवाद ने भी उन्हें फिर से चर्चा में ला दिया है। यह मामला 2025 के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया की क्लोजिंग सेरेमनी का है, जहां रणवीर ने ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांतारा के प्रसिद्ध दैव सीन की नकल की थी। इस दौरान उन्होंने उस दैव को ‘फीमेल घोस्ट’ कह डाला, जिससे कई लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
रणवीर के लिए ‘कांतारा मिमिक्री विवाद’ बना चुनौती
इस घटना के बाद हिंदू जनजागृति समिति और वकील प्रशांत मेथल की शिकायत पर गोवा और बेंगलुरु पुलिस में FIR दर्ज की गई। आरोप है कि रणवीर ने चामुंडी देवी के दैव का मजाक उड़ाया, जो कोटितुलु समुदाय के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। विवाद इतना बढ़ा कि कर्नाटक में रणवीर की फिल्म धुरंधर पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी उठने लगी।
इंस्टाग्राम के जरिए माफी मांग चुके हैं रणवीर
रणवीर ने तुरंत इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के माध्यम से माफी मांगी। उन्होंने लिखा, ‘मेरा इरादा केवल ऋषभ शेट्टी की अदाकारी की सराहना करना था। एक अभिनेता के रूप में, मुझे पता है कि वो सीन कितनी मेहनत से किया गया होगा। मैं हर संस्कृति और परंपरा का सम्मान करता हूं। अगर किसी की भावनाएं आहत हुईं हैं, तो मैं दिल से माफी मांगता हूं।’ हालांकि, शिकायतकर्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर दी गई माफी पर्याप्त नहीं है, और व्यक्तिगत माफी की आवश्यकता है।
अब यह मामला कर्नाटक हाईकोर्ट में चल रहा है। हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर सिंह 10 अप्रैल 2026 को कोर्ट में बिना शर्त माफी का हलफनामा दाखिल करेंगे। उनके वकील ने बताया कि रणवीर खुद मैसूर के प्रसिद्ध चामुंडी मंदिर जाकर भी माफी मांगने के लिए तैयार हैं। शिकायतकर्ता के वकील ने पहले माफी को महज औपचारिकता बताते हुए कहा कि यह मौखिक माफी नहीं है।
हाईकोर्ट ने पहले रणवीर को अंतरिम राहत दी थी और पुलिस को कोई सख्त कदम न उठाने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ‘रणवीर सिंह या कोई और, लूज टंग नहीं हो सकती। एक अभिनेता होने के नाते आपकी जिम्मेदारी अधिक होती है। देवी-देवताओं के बारे में बोलते समय रिसर्च करनी चाहिए। ‘ghost’ कहना गलत है। माफी देने से शब्द वापस नहीं आते, इंटरनेट कभी नहीं भूलता।’
इस बीच, रणवीर इस समय धुरंधर 2 की सफलता का जश्न मना रहे हैं, जो मार्च 2026 में रिलीज हुई थी और दर्शकों द्वारा पसंद की जा रही है। लेकिन यह विवाद उनकी छवि को प्रभावित कर रहा है। रणवीर का कहना है कि उनका इरादा कभी किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था, बल्कि केवल सह-कलाकार की सराहना करना था। अब सभी की निगाहें 10 अप्रैल की सुनवाई पर टिकी हैं। यदि रणवीर कोर्ट और मंदिर में माफी मांग लेते हैं, तो यह मामला सुलझ सकता है।

प्रातिक्रिया दे