बिहार में नए मुख्यमंत्री के लिए तैयारी तेज
पटना: बिहार में नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। मंगलवार को कैबिनेट की अंतिम बैठक के बाद नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा देंगे। 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोकभवन में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा ने इस समारोह की तैयारी के लिए बैठक बुलाई है। इससे पहले, मंगलवार को दोपहर 2 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक भी होगी।
भाजपा विधायक दल की बैठक
भाजपा कार्यालय में होने वाली इस बैठक में सभी विधायक और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में भाजपा विधायक दल का नया नेता चुना जाएगा, जो मुख्यमंत्री के पद के लिए नामित होगा। इसके बाद, शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नीतीश कुमार नए मुख्यमंत्री के नाम का प्रस्ताव रखने वाले हैं।
सरकार बनाने का दावा
नीतीश कुमार इस्तीफा देने के बाद एनडीए विधायक दल के नेता के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इससे पहले, सोमवार को जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों की बैठक मुख्यमंत्री आवास पर हुई, जिसमें नई सरकार में पार्टी की भूमिका और उपमुख्यमंत्री पद पर चर्चा की गई। इस बैठक में जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, मंत्री जमा खान और वरिष्ठ नेता बिजेंद्र यादव शामिल हुए।
नीतीश कुमार का अंतिम दिन
आज नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री के रूप में अंतिम दिन है और वह बिहार में विकास कार्यों का जायजा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जैसे ही अपने काफिले के साथ मुख्यमंत्री आवास से निकले, कयासों का दौर शुरू हो गया। वह राजभवन जा रहे हैं या मंत्रिमंडल के अंतिम रूप को तैयार करने की दिशा में कदम उठा रहे हैं। नीतीश कुमार ने छपरा के बाकरपुर में फोरलेन निर्माण और पुल निर्माण का निरीक्षण किया।

प्रातिक्रिया दे