स्पोर्ट्स: भारतीय क्रिकेट टीम (टेस्ट और वनडे) के कप्तान शुभमन गिल चोट से ठीक होने की प्रक्रिया में हैं और जल्दी ही मैदान पर वापसी करने की तैयारी कर रहे हैं। गिल सोमवार को बेंगलुरु में स्थित भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचेंगे, जहां उनका अनिवार्य फिटनेस परीक्षण किया जाएगा। इस परीक्षण के बाद ही निर्धारित होगा कि गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 9 दिसंबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला में खेल पाएंगे या नहीं।
कोलकाता टेस्ट में लगी थी चोट
शुभमन गिल को कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान गर्दन में चोट लगी थी। इस चोट के कारण वह टेस्ट श्रृंखला से बाहर हो गए थे और वनडे सीरीज में भी भाग नहीं ले सके। चयन समिति, जिसका नेतृत्व अजीत अगरकर कर रहे हैं, गिल की फिटनेस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि अंतिम निर्णय लिया जा सके।
हार्दिक पंड्या को लेकर बड़ी खबर
इस बीच, भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की मैदान पर वापसी को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी आई है। लंबे समय तक चोट के कारण क्रिकेट से दूर रहने के बाद, हार्दिक ने सफलतापूर्वक अपना रिहैबिलिटेशन पूरा कर लिया है और वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टी-20 श्रृंखला के लिए तैयार हैं। हार्दिक ने 21 अक्टूबर से 30 नवंबर तक नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गहन रिहैब और रिटर्न टू प्ले प्रोटोकॉल पूरा किया।
हार्दिक पंड्या को T-20 फॉर्मेट खेलने की अनुमति
COE ने आधिकारिक रूप से हार्दिक पंड्या को टी-20 फॉर्मेट खेलन की अनुमति दे दी है। खास बात ये है कि उन्हें गेंदबाजी करने की भी स्वीकृति मिल गई है। अब हार्दिक पंड्या की आगामी टी-20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में वापसी की संभावना काफी मजबूत हो गई है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेलने से पहले उनकी फिटनेस और सहनशक्ति की अंतिम जांच की जाएगी।
BCCI की कड़ी नजर रहेगी
इसके लिए हार्दिक को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में कम से कम दो मैच खेलने होंगे। पहला मैच पंजाब के खिलाफ 2 दिसंबर के आसपास होगा और दूसरा मैच 4 दिसंबर को गुजरात के खिलाफ खेला जाएगा। इन मुकाबलों के दौरान उनके प्रदर्शन और शरीर की प्रतिक्रिया पर BCCI की करीबी नजर रहेगी।

प्रातिक्रिया दे