टैग: रामनवमी

  • जामताड़ा प्रशासन अलर्ट मोड में, रामनवमी से पहले DC-SP का फ्लैग मार्च

    जामताड़ा प्रशासन अलर्ट मोड में, रामनवमी से पहले DC-SP का फ्लैग मार्च

    जामताड़ा में रामनवमी पर्व की तैयारी

    जामतारा : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए जामताड़ा प्रशासन ने पूरी तैयारी की है। उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता के नेतृत्व में शहर में सशस्त्र पुलिस बलों के साथ फ्लैग मार्च आयोजित किया गया। यह मार्च जिला नियंत्रण कक्ष से शुरू होकर गांधी चौक, सुभाष चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, जामताड़ा बाजार, इंदिरा चौक और बस स्टैंड होते हुए यज्ञ मैदान तक पहुंचा। प्रशासन की सक्रियता से लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा। इस मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागोरी, पुलिस उपाधीक्षक और नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी समेत कई अन्य अधिकारी शामिल हुए।

    प्रशासन की सतर्कता

    डीसी रवि आनंद ने कहा कि जिला प्रशासन रामनवमी के पर्व को बिना किसी बाधा के मनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। एसपी राजकुमार मेहता ने फ्लैग मार्च के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि इसका मुख्य लक्ष्य लोगों में सुरक्षा का विश्वास स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और सभी को बिना किसी डर के त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया।

    फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासन ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया और लोगों में सुरक्षा का विश्वास जगाने का प्रयास किया। प्रशासन का कहना है कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि रामनवमी पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाया जा सके।

  • east singhbhum: कोवाली थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक, रामनवमी और ईद भाईचारे से मनाने का निर्णय

    east singhbhum: कोवाली थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक, रामनवमी और ईद भाईचारे से मनाने का निर्णय

    कोवाली थाना परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन

    पोटका: आगामी रामनवमी और ईद के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए कोवाली थाना परिसर में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

    प्रशासनिक अधिकारियों के दिशा-निर्देश

    बैठक में उपस्थित डीएसपी संदीप भगत ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे पर्व-त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से हल्दीपोखर क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए लोगों से आपसी मेल-जोल बनाए रखने पर जोर दिया। डीएसपी ने लोगों से आग्रह किया कि किसी भी भ्रामक सूचना या समस्या के मामले में सीधे प्रशासन से संपर्क करें, ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके।

    जनप्रतिनिधियों का सौहार्द संकल्प

    इस बैठक में बीडीओ अरुण कुमार मुंडा और अंचलाधिकारी (CO) निकिता बाला ने क्षेत्र की सुरक्षा और व्यवस्था पर चर्चा की। जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल और मुखिया देवी कुमारी भूमिज समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि प्रखंड में रामनवमी और ईद का पर्व सांप्रदायिक एकता के साथ मनाया जाएगा। साथ ही, अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने की बात भी उठाई गई।

    बैठक में शामिल गणमान्य लोग

    इस अवसर पर पूर्व मुखिया सैयद जबीउल्लाह, आफताब अंसारी, लाइसेंसधारी रतन सोनकर, संतोष मंडल, पवन कुमार, चिंटू अग्रवाल, शंकर गुप्ता, ओम गुप्ता, गांगडीह मुखिया कार्तिक मुर्मू, समाजसेवी पिंटू गुप्ता, उत्पल बोस सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभिन्न अखाड़ा समितियों के सदस्य मौजूद थे।

  • उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में रामनवमी को लेकर केन्द्रीय शांति समिति की बैठक

    उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में रामनवमी को लेकर केन्द्रीय शांति समिति की बैठक

    • ‘हर संभव सहयोग के लिए प्रशासन तत्पर’
    • हम टीम रांची बनकर करेंगे काम-उपायुक्त
    • रामनवमी को लेकर व्हाट्सएप गु्रप बनाने का निदेश
    • आत्म संयम और अनुशासन बेहद जरुरी – एसएसपी
    • अंतिम व्यक्ति घर नहीं पहुंच जाता तब तक सक्रिय रहें’

    उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आज दिनांक 21 मार्च 2023 को केन्द्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। रांची समाहरणालय ब्लॉक ‘बी’ स्थित कमरा संख्या-505 में आयोजित बैठक में विधायक कांके समरीलाल, उप महापौर, रांची नगर निगम संजीव विजयवर्गीय, वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नौशाद आलम, पुलिस अधीक्षक नगर, एस जैन, पुलिस अधीक्षक यातायात एचबी जमां, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर दीपक दुबे, अपर जिला दंडाधिकारी, रांची आरएन आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी बुण्डू अजय कुमार, संबंधित पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी एवं विभिन्न महावीर मंडल, शांति समिति, धार्मिक संगठनों के सदस्य उपस्थित थे।

    बैठक में केन्द्रीय शांति समिति के सदस्योें ने रामनवमी के दौरान बेहतर व्यवस्था को लेकर अपनी-अपनी बातें रखी। साफ सफाई, वाहनों की व्यवस्था, अखाड़ों के जुलूस लाइसेंस, महिला पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति समेत कई बातें सदस्यों द्वारा रखी गयी।

    ‘हर संभव सहयोग के लिए प्रशासन तत्तर’

    बैठक के दौरान उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रशासन अखाडा समितियों को हर संभव सहयोग के लिए तैयार है। बिजली व्यवस्था, सड़क के गड्ढों को भरना, साफ-सफाई, वाहनों की व्यवस्था, विभिन्न जुलूस और अखाड़ों के जुलूस के लाइसेंस रिन्यूअल, डीजे नियंत्रण, स्ट्रीट लाइट में सुधार, ट्रैफिक संचालन सुदृढ़ करना, शराब बंदी आदि का लेकर उपलब्ध संसाधन के अनुसार काम किया जाएगा।

    रामनवमी को लेकर व्हाट्सएप गु्रप बनाने का निदेश

    उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा द्वारा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर को रामनवमी को ध्यान में रखते हुए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निदेश दिया गया। जिसमें प्रमुख संचालन समिति एवं पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी जुड़े रहेंगे ताकि अति आवश्यक मामलों की जानकारी त्वरित रूप से मिल सके। साथ ही इसमें सोशल मीडिया में आपत्तिजनक, गलत पोस्ट, नशा करनेवालों आदि के बारे में सूचना शेयर हो सके।

    हम टीम रांची बनकर करेंगे काम-उपायुक्त

    उपायुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि बीते एक वर्ष में हम सभी ने मिलकर कई त्योहारों को सफलतापूर्वक संपादित किया है। समाज में किसी तरह की बुरी भावना न पनपे यही सुविचार हमें सदैव रखना है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि जिस तरह से बीते 8-10 महीने में सौहार्दपूर्ण वातावरण में हमने टीम रांची बनकर त्योहारों को संपादित किया है, उसी तरह से आगामी सभी त्योहारों को भी संपादित करेंगे। उन्होंने कहा कि सिविल सोसायटी के सकारात्मक सहयोग के बिना प्रशासन कार्य नहीं कर सकता। हमारा सौभाग्य है कि हम सभी एकजुट होकर रहे हैं और सभी का सहयोग मिलता रहा है। हमारे सामने 1929 का उदाहरण है, सदभावना की यही मिसाल हमें राज्य और पूरे देश के सामने प्रस्तुत करना है। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि रांची शहर का लॉ एंड ऑर्डर उत्कृष्ट कोटि का है, हमारी खुशकिस्मती है कि रांची बीते समय में अच्छे कारणों की वजह से देश भर में जाना जाता रहा है।

    आत्मसंयम और अनुशासन बेहद जरुरी – एसएसपी

    बैठक के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने कहा कि रामनवमी के दौरान आत्मसंयम और अनुशासन बेहद जरुरी है। उन्होंने कहा कि रुट को लेकर किसी प्रकार की संशय की स्थिति न हो, सभी अखाड़ा समितियां इसका ख्याल रखें, खास तौर ग्रामीण क्षेत्रों से निकलनेवाले जुलूस को लेकर एसएसपी ने निराकरण कर लेने की बात कही। एसएसपी ने अखाड़ा समितियों से कहा कि आत्मसंयम और अनुशासन के साथ आप सभी का पर्यवेक्षण बेहद जरूरी है, कौन किधर से आ रहा है और किधर जा रहा है, इस पर आप सब भी निगरानी रखंे।

    ‘समितियां वॉलिंटियर्स को पहचान पत्र अवश्य दें’

    वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने कहा कि सभी समितियां हर वर्ष की भांति अपने वॉलिंटियर्स की सूची अवश्य दें। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को समितियों द्वारा वॉलिंटियर्स की लिस्ट प्राप्त करना सुनिश्चित करने को कहा। वरीय पुलिस अधीक्षक ने समितियों को यथासंभव टी-शर्ट, पहचान पत्र एवं बैच देने को कहा ताकि उनकी आईडेंटिटी हो सके और और किसी तरह की बात होने पर आसानी से समन्वय स्थापित किया जा सके। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिला कांस्टेबल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, साथ ही सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रमुख स्थानों पर समितियां फीमेल वॉलिंटियर्स रखे तो अच्छा होगा, खास तौर पर जहां महिलाओं की भीड़ ज्यादा होती हैं।

    ‘अंतिम व्यक्ति घर नहीं पहुंच जाता तब तक सक्रिय रहें’

    बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विभिन्न अखाड़ा समितियां समस से जुलूस निकालें और समय पर लौटने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि रामनवमी के जुलूस के समापन तक पुलिस-प्रशासन सक्रिय रहेंगे, कोई भी फोर्स अपनी जगह नहीं छोड़ेगा। साथ ही समितियां भी यह सुनिश्चित करें कि उनके वॉलिंटियर्स एवं पीस कमेटी के लोग जब तक अंतिम व्यक्ति अपने घर तक नहीं पहुंच जाता तब तक वो सक्रिय रहंेगे।

    ‘डीजे को लेकर गाइडलाइन का पालन करें’

    बैठक के दौरान सभी समितियों ने कहा गया कि डीजे को लेकर जो गाइडलाइन जारी किया गया है, उसका पालन करें। एसएसपी किशोर कौशल ने कहा कि हाइकोर्ट भी इस मामले पर गंभीर है, जनहित में जो निर्देश दिए गए हैं उसका पालन कराने का यथासंभव प्रयास सभी समितियां करें। उन्होंने कहा कि इसे लेकर डीजे संचालकों के साथ बैठक भी की गई है, सभी से अंडरटेकिंग भी लिया गया है। किसी प्रकार से ऐसा म्यूजिक ना बजाया जाये कि समुदाय विशेष को नागवार गुजरे, यह समितियों की भी जिम्मेवारी है, लगातार इसकी मॉनिटरिंग करें। समितियां इसकी निगरानी भी करें कि अनावश्यक नारेबाजी न हो।

    नशा करनेवालों पर रहेगी नजर

    रामनवमी के दौरान पुलिस द्वारा नशा करनेवालों पर नजर रखी जायेगी और ऐसे लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी। एसएसपी ने कहा कि नशा कर कोई भी व्यक्ति जुलूस में शामिल न हो, अखाड़ा समितियां भी इसका ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर पुलिस के पास लायें। एसएसपी ने समितियों को जुलूस में प्रयोग किये जा रहे बड़े वाहनों में यथासंभव चारों ओर लाइट लगाने को भी कहा ताकि किसी कारणवश रुट पर अंधेरा होता है तो असामाजिक तत्वों को मौका न मिले।

    सोशल मीडिया पर नजर, अफवाह फैलाने पर होगी कड़ी कार्रवाई

    पुलिस द्वारा सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने एवं अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ उन्हें चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। सीनियर एसपी ने कहा कि अगर किसी को आपत्तिजनक पोस्ट की जानकारी मिलती है तो पुलिस के संज्ञान में लायें। अखाड़ा समितियों को भी विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप में इसकी निगरानी करने को कहा गया। एसएसपी ने कहा कि जहां-जहां अस्त्र-शस्त्र प्रतियोगिता हो रही है, वहां अखाड़ाधारी संवेदनशील रहें और थाना के साथ लगातार समन्वय में रहें। उन्होंने संबंधित जगह पर थानों को अलर्ट कर कार्यक्रम स्थल और कार्यक्रम स्थल पर आने जाने वाले लोगों पर भी निगरानी रखने के भी निदेश दिये।

  • हजारीबाग : रामनवमी में डीजे पर प्रतिबंध, निषेधाज्ञा लागू रहेगा

    हजारीबाग : रामनवमी में डीजे पर प्रतिबंध, निषेधाज्ञा लागू रहेगा

    हजारीबाग | हजारीबाग रामनवमी को लेकर जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि डीजे बजाने की इजाजत नहीं दी जाएगी. साउंड बॉक्स, चोंगा, म्यूजिक सिस्टम के जरिए रिकॉर्डर गाना बजाने की इजाजत दी जाएगी. वैसा रिकॉर्डेड गाना बजेगा, जो प्रशासन अनुमति देगा. हजारीबाग डीसी नैंसी सहाय और एसपी चौथे मनोज रतन ने अन्य पदाधिकारियों के साथ सोमवार को संयुक्त प्रेस वार्ता की. प्रेस वार्ता के दौरान प्रशासन ने बताया कि विधि व्यवस्था को लेकर रामनवमी सरहुल और रमजान की तैयारी की जा रही है. रामनवमी की बात की जाए तो इस बार 91 अखाड़ों को लाइसेंस दिया गया है. 26 जगह बेरिकेडिंग बनाया गया है. बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों को दिशा निर्देश निर्गत किया गया है. सभी थानों में शांति समिति की बैठक की जा रही है. 23 मार्च को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है.

    30-31 मार्च और एक अप्रैल को शराब दुकानें बंद रहेंगी. वहीं दो अप्रैल तक सभी सिनेमाघर भी बंद रखने का आदेश निर्गत किया गया है. ब्लड बैंक 24 घंटे खुले रखे जाएंगे और बिजली व्यवस्था दुरुस्त कर किया जाएगा. 24 घंटे जुलूस मार्ग में बिजली रहे, इसे लेकर पत्राचार किया गया है. किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम तैयार रहेगा. वहीं इस बार ड्रोन कैमरा और 100 सीसीटीवी से पूरे जिले पर नजर रखने की बात कही गई है. डीसी ने कहा कि इस बार हम लोग छोटे-छोटे मेडिकल कैंप कई जगह लगाने जा रहे हैं. मेडिकल कॉलेज के अलावा सभी स्वास्थ्य केंद्र अलर्ट मोड में रहेंगे.

    हजारीबाग में इन दिनों धारा 144 को लेकर भी संशय है. इसे लेकर डीसी ने कहा कि पर्व-त्योहारों में धारा-144 लगाने का प्रावधान है. डंडा-लाठी और परंपरागत हथियार जुलूस में हिस्सा लेने की इजाजत दी जा रही है. दरअसल पिछले आदेश में कोविड-19 का जिक्र आदेश में किया गया था. साथ ही लाठी और परंपरागत हथियार के साथ जुलूस में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं थी. इसे इस बार संशोधित किया गया है. उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि सौहार्द के साथ जुलूस निकालें.

    पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने बताया कि 5000 फोर्स रामनवमी के दौरान लगाए जाएंगे. रैफ की दो कंपनियां, सीआरपीएफ की एक कंपनी और होमगार्ड के 500 जवान तैनात किए जाएंगे. इसके अलावा सिविल दस्ता और स्पेशल ब्रांच के ऑफिस भी रामनवमी के दौरान सक्रिय रहेंगे. आने वाले दो मंगला जुलूस में मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है और बल की प्रतिनियुक्ति की जा रही है. जुलूस के दौरान नशापान नहीं करने की अपील पुलिस अधीक्षक ने की है. इस बार सोशल मीडिया कोषांग रामनवमी के दौरान सक्रिय रहेगी. हजारीबाग एसपी ने यह भी अपील की कि कोई भी व्यक्ति ऐसी टिप्पणी सोशल मीडिया पर नहीं करे जिससे आपसी सौहार्द बिगड़े. प्रेसवार्ता में प्रशिक्षु आईएएस शताब्दी मजूमदार, सदर एसडीओ विद्याभूषण, सीओ राजेश कुमार आदि मौजूद थे.