टैग: dhanbad accident

  • ट्रक की चपेट में आया बाइक, पिता, पुत्र और पुत्री घायल

    ओवरटेक के चक्कर में ट्रक की चपेट में आया बाइक, पिता, पुत्र और पुत्री घायल
    आक्रोशित लोगों ने की सड़क जाम, पुलिस के समझाने के बाद लोगों ने जाम हटाया

    धनबाद। झरिया रोड के एना इस्लामपुर में आज सुबह तेज रफ्तार सीमेंट लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे पिता, पुत्र और पुत्री घायल हो गए, जिसमें पुत्री की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। तीनों एक बाइक पर सवार होकर गायत्री पूजा करने जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने आनन फानन में तीनों घायलों को एसएनएमएमसीएच भेज दिया। सभी बनियाहीर 7 नंबर के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार पिता, पुत्र और पुत्री बनियाहीर 7 नंबर से बस्ताकोला गायत्री मंदिर पूजा करने जा रहे थे। तभी ट्रक और बाइक में ओवर टेक को लेकर दुर्घटना हो गई। सड़क की स्थिति काफी खराब थी। एक दिन पहले शुक्रवार को सड़क की एक तरफ पिचिंग हुई थी। फलस्वरूप सड़क ऊंची नीची हो गई थी। जिससे बाइक असंतुलित हो गई और तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। ट्रक संख्या जेएच 10 एसी 3195 को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। मगर चालक भाग निकला। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी। झरिया पुलिस भी पहुंची और जाम हटाने का प्रयास किया। हालांकि लोग हटने को तैयार नहीं थे। दो घंटे के बाद समझाने-बुझाने पर लोग हटे, तब यातायात सामान्य हो गया।

  • कोयला लदे ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक को मारा टक्कर, ड्राइवर की मौत


    अहले सुबह तोपचांची के मदैयडीह में घटी घटना, मृतक वाराणसी का रहने वाला

    धनबाद। हावड़ा नई दिल्ली मार्ग एनएच-02 पर तोपचांची में आज अहले सुबह सड़क दुर्घटना में एक ट्रक ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई। तोपचांची थाना क्षेत्र के मदैयडीह स्थित बांका पुल के पास ये हादसा हुआ है। बताया गया कि बांका पुल के पास तेज रफ्तार से आ रही कोयला लोड ट्रक संख्या एचआर 38 एबी 7028 एनएच पर रोड किनारे खड़ी लोहा लोड लदे ट्रक संख्या आरजे 01 जेई 2287 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कोयला लदा ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गयी और उसका ड्राइवर ट्रक में फंसा रहा गया। जोरदार चोट लगने की वजह से केबिन में फंसकर युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर शव निकालने की कोशिश की। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर के शव को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला गया। युवक की शिनाख्त विजय कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला है। पुलिस ने वाहनों को जब्त कर लिया है।

  • रॉन्ग साइड चल रही स्कॉर्पियो को ट्रक ने मारी टक्कर, दो की मौत 2 गंभीर


    बांका पुल के समीप हादसे में 30 फीट रगड़ खाते डिवाइडर से टकरायी स्कॉर्पियो

    धनबाद। जीटी रोड पर सड़क हादसा में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। घायलों का इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। तोपचांची थाना क्षेत्र में बांका पुल के समीप यह हादसा रविवार देर रात हुआ। जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो पर सवार होकरभूली डी ब्लॉक, सेक्टर 11 के रहने वाले सुनील कुमार महतो, रिक्कू सिन्हा, सावन पांडेय और सेक्टर 9 निवासी छोटू कुमार रॉन्ग साइड से तोपचांची से राजगंज की ओर जा रहे थे। इस दौरान एक 12 चक्का ट्रक से स्कॉर्पियो की सामने से टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो करीब 30 फीट दूर तक सड़क पर रगड़ खाती हुई डिवाइडर से जा टकराई। इस दुर्घटना में सुनील कुमार महतो और रिक्कू सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन से निकलकर एक युवक सड़क पर गिर पड़ा। जबकि दूसरा वाहन में ही फंस गया। बाकी बचे घायलों सावन पांडेय और छोटू कुमार को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो से निकालकर इलाज के लिए धनबाद भेजा। ट्रक से हुई टक्कर से स्कार्पियो का बायां हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वाहन के कई हिस्से टूटकर सड़क पर बिखरे पड़े। हालांकि इस हादसे में ट्रक को कोई खास नुकसान नहीं हुआ। इस हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रॉन्ग साइड से गाड़ी चलाने की वहज से ये हादसा हुआ है। यहां बता दें कि इनके परिवार में महिलाओं ने अपने पुत्रों के लिए जिउतिया का व्रत रखा था। लेकिन रविवार रात उनके बेटों की मौत की खबर आई तो पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गयी।