टैग: Gandivlive

  • शाहबाज का शव रातू के बजरा से बरामद

    • कल शाम दोस्तों के बुलावे पर गया था घर से
    • दो दोस्तों ने मार डाला अपने दोस्त को
    • ऑटो में पड़ा मिला युवक का शव
    • मांडर पुलिस ने किया हत्यारों को गिरफ्तार
    • अवैध संबंध हो सकता है हत्या का कारण


    रांची। मांडर थाना पुलिस आज सुबह हेसमी निवासी 18 वर्षीय शाहबाज अंसारी की हत्या के दोनों आरोपियों ओम प्रकाश महतो और सुशांत नायक को, शव बरामदगी के कुछ घंटे बाद ही धर दबोचा। पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों हत्यारोपी युवक मृतक के दोस्त हैं। तीनों ऑटो चलाने वाले और खाने पीने वाले हैं। मांडर थाना की पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
    मृतक शाबाज के परिजनों ने बताया कि कल शाम शाहबाज घर पर था,शाम 7 बजे ओम प्रकाश और सुशांत ने उसे फोन कर बुलाया उसके बाद तीनों ऑटो से कहीं चले गये। देर रात तक घर वापस नहीं आने पर शाहबाज को फोन किया,तो वह कुछ देर में आने की बात बोला,दोबारा कॉल करने पर मोबाईल बंद मिला,उसके बाद घर के लोग उन्हें खोजने निकले,लेकिन रात भर कोई पता नहीं चला,आज अहले सुबह पांच बजे सुशांत का ऑटो बजरा के पास लावरिस पड़ा मिला,जांच करने पर उसमें शाहबाज का जख्मी शव पाया गया। शाहबाज के मुंह से खून निकला हुआ था,और शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान भी हैं। परिजनों ने बताया कि दोनों दोस्त शाहबाज की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए रात भर इधर उधर भागते फिरे लेकिन उन्हें शव फेकने का मौका नहीं मिला,और सुबह भी होने लगा इस लिए ऑटो को बजरा के पास छोड़ कर भाग निकले।
    आॅटो में लदे शव के साथ परिजन पहुंचे थाना |
    बजरा में ऑटो को बरामद करने के बाद परिजन शव के साथ ऑटो को ले कर मांडर थाना पहुंच गये,जहां उसकी हत्या की खबर सुन कर पहले से ही सैकड़ो लोगों की भीड़ इकट्ठा हो कर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को ले कर हंगामा करने लगी,हत्या की सूचना पर थाना पहुंचे खलारी डीएसपी अनिमेष नैथानी और थाना प्र•ाारी विनय यादव ने उग्र लोगों को आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लेने का भरोसा दिला कर शांत कराया।

    कुछ घंटे के बाद ही दोनों आरोपी हुए गिरफ्तार
    शाहबाज के शव के साथ थाना पहुंचने के घंटे भर बाद ही मांडर पुलिस ने डीएसपी के नेतृत्व में दोनों आरोपी सुशंत नायक व ओम प्रकाश महतो को हेसमी गांव से गिरफ्तार कर लिया।


    अवैध संबंध हो सकता है हत्या का कारण
    सूत्रों के मुताबिक तीनों दोस्त एक ही गांव हेसमी के रहने वाले थे,एक दूसरे के घर सभी का आना जाना ,मिलना जुलना होता था,शाहबाज का सुशांत नायक की बहन के साथ अवैध संबंध की बात भी कही जा रही है। हत्या के पीछे का राज प्रेम संबंध भी हो सकता है, इस लिए पुलिस सुशांत की बहन को पूछताछ के लिए थाना बुलायी है।
    खबर लिखे जाने तक पुलिस गिरफ्तार आरोपियो और सुशांत की बहन से हत्या किये जाने के कारणों की पड़ताल कर रही थी।

  • मांडर से चोरी हुई पिकअप 48 घंटे में बरामद


    तपकारा के बड़ाईक जंगल से किया गया बरामद
    सरगना सहित गाड़ी खपाने वाला कबाड़ी गिरफ्तार

    रांची। मांडर थाना पुलिस ने ढौठाटोली से 22 सितंबर की रात चोरी हुई महमूद अंसारी की पिकअप वैन को 48 घंटे में तपकारा के बड़ाईक टोली जंगल से बरामद कर लिया,पुलिस ने वैन चोरी करने वाले गिरोह के सरगना मांडर मेराल निवासी आबिद अंसारी के अलावा अब्दुल बारीक,और रातू परहेपाट निवासी अताउल्लाह अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकी गिरोह में शमिल नरकोपी के पिपरटोली निवासी शमशुल अंसारी के अलावा चोरी की गाड़ियों को खपाने वाले तपकरा बड़ाईक टोली निवासी कबाड़ी चुन्नू खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों में छापामारी कर रही है।
    मालूम हो कि वैन का चालक महताब अंसारी काम खत्म होने के बाद रोज की तरह 22 सितंबर की रात को भी अपने मालिक महमूद अंसारी के आंगन में गाड़ी लगा कर अपने घर चला गया था,रात नौ बजे तक महमूद अंसारी का परिवार भी खाना खा कर सो गया था,23 सितंबर की सुबह 4.30बजे महमूद की मां नमाज पढ़ने उठी तो आंगन में गाड़ी नहीं देखा,उसके बाद उन्होंने अपने बेटों को जगाया,घर के सभी लोग उठ कर इधर उधर पूछताछ किया,लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। बाद में महमूद अंसारी ने मांंडर थाने में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया। इधर पुलिस को जानकारी होने के बाद थाना प्रभारी विनय यादव की टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए गाड़ी का पता लगाने लगी उसी दौरान कल 24 सितंबर को श्री यादव ने संदेह के आधार पर मांडर क्षेत्र से कुछ लोगोें को पूछताछ के लिए थाना ले गयी उसके बाद मामले का खुलासा हो गया। पुलिस गिरफ्त में आये चोरों के बयान पर टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए तपकारा के जंगल में छिपा कर रखे गये वैन को बरामद कर लिया।
    जानकारी के मुताबिक उक्त वैन को चुन्नू खान कबाड़ी के द्वारा काटने की तैयारी चल रही थी। लेकिन समय पर पुलिस को भनक लग गयी जिससे गाड़ी कटने से बच गई। मालूम हो कि चुन्नू खान का तपकारा में कबाड़ी की दुकान व गोदाम है,जहां वह चोरी की गाड़ियों को ले कर क टिंग करने के बाद कोलकाता में बिक्री करने का काम करता है।

  • भुखमरी,महंगाईऔर बीमारियों से 1600 से ज्यादा लोगों की मौत

    भुखमरी और महंगाई से परेशान पाकिस्तान में अब बीमारियां बढ़ा रही टेंशन, 1600 से ज्यादा लोगों की मौत

    पाकिस्तान : पाकिस्तान इन दिनों भीषण आर्थिक समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में पाकिस्तान के कई इलाकों में बाढ़ से जनता को दोहरी मार पड़ रही है। विनाशकारी बाढ़ से पाकिस्तान की हालत और ज्यादा खराब हो गई है। बाढ़ की वजह से लोगों के लिए बीमारियों की खतरा भी बढ़ गया है। हालात ये है कि हर तरफ तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। पाकिस्तान को कई अरबों डॉलर का नुकसान भी हो चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान में बाढ़ के चलते अब तक 1600 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। जबकि लाखों लोग इससे प्रभावित हैं। खेत-खलिहान, घर सब बर्बाद हो गए हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों को खाने-पीने की दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित सिंध प्रांत है। पाकिस्तान में बाढ़ से होने वाली बीमारियों का भी कहर देखने को मिल रहा है। मलेरिया, टाइफाइड और डेंगू बुखार जैसे संक्रामक रोग कई जगहों पर फैल चुका है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सिंध डायरिया के 14,619, त्वचा संबंधी रोगों के 15,227, संदिग्ध मलेरिया के 9,201 और मलेरिया के पुष्ट 665 मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा डेंगू के भी 11 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, एक जुलाई से अब तक सिंध में 27 लाख से अधिक लोगों का इलाज किया गया है। बाढ़ से 1,082 स्वास्थ्य केंद्रों को नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान की जनता में सरकार को लेकर नाराजगी भी है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, लोगों का कहना है कि कोई उनकी मदद नहीं कर रहा है। सरकार की तरफ से एक किलो आटा तक भी नहीं मिल रहा है।

  • शहीद हो गए जवान चितरंजन कुमार

    गवर्नर और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, कहां करेंगे परिजनों का हर संभव मदद

    रांची। सीआरपीएफ जवान चितरंजन कुमार आज शहीद हो गए। इलाज के क्रम में राजधानी के मेडिका अस्पताल में आज उन्होंने अंतिम सांसे ली। सीआरपीएफ कैंप धुर्वा में शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प माला चढ़ाकर गवर्नर रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने श्रद्धांजलि अर्पित की। ज्ञात हो कि रविवार को चतरा जिले के प्रतापपुर एवं कुंदा सीमा पर नक्सलियों के साथ हुए मुठभेड़ में सीआरपीएफ के जवान चितरंजन कुमार गोली लगी थी। घायल होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए तत्काल हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कराकर रांची लाया गया तथा बरियातू स्थित मेडिका अस्पताल में भर्ती किया गया था।

    राज्यपाल रमेश बैस एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज धुर्वा स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचकर सीआरपीएफ (190 बटालियन) के शहीद जवान श्री कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मौके पर राज्यपाल रमेश बैस एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शहीद जवान श्री कुमार के परिजनों को ढांढस बंधाया तथा गहरी संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना ईश्वर से की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद के परिजनों को राज्य सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि श्री चितरंजन कुमार के शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

  • 50000 शिक्षकों की बहाली करेगी सरकार

    मुख्यमंत्री ने गोंडा और साहिबगंज में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास करते हुए की घोषणा

    बोआरीजोर, गोड्डा। राज्य के हर व्यक्ति के सुख-दुख की चिंता सरकार को है । इस मोर्चे पर हर वक्त हम आपके साथ खड़े हैं । आपकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है ।अलग राज्य गठन के बाद पिछले 20 वर्षों से व्याप्त समस्याओं के उलझन से राज्य को निकाल कर विकास को गति देने का काम कर रहे हैं । मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज गोड्डा जिले के बोआरीजोर प्रखंड स्थित डुमरिया में आयोजित विकास मेला -सह -जनता दरबार को संबोधित करते हुए लोगों को भरोसा दिलाया कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर गरीब और जरूरतमंद को मिले, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जा जा रहा है।

    *_सुखाड़ से निपटने के लिए कर ली है तैयारी_*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 2 वर्षों तक कोरोना से जंग होती रही और इसमें हमने कामयाबी हासिल की । अब कम बारिश से सुखाड़ जैसे हालात पैदा हो रहे हैं । ऐसे में सुखाड़ से जंग की तैयारी भी सरकार ने शुरू कर दी है ।सूखे की वजह से किसानों- मजदूरों का पलायन नहीं हो । उन्हें अपने ही घर में रोजगार मिले, इसके लिए सरकार कई योजनाएं बना रही है । हम ऐसे हालात से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और कोरोना की तरह ही सुखाड़ पर भी जीत हासिल करेंगे।

    *_योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को कर रहे मजबूत_*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बड़ी आबादी गांवों में रहती है। ऐसे में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को हम मजबूती देने का काम कर रहे हैं ।सरकार की ज्यादातर योजनाएं ग्रामीणों के हित को ध्यान में रखकर बनाई गई है। इस सिलसिले में सरकारी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है कि अगर कोई व्यक्ति योजना का लाभ लेने के लिए आए तो उस पर सहानुभूति और संजीदगी दिखाते हुए उसे योजना का लाभ दें , ताकि हमारी व्यवस्था पर लोगों का विश्वास और मजबूत हो । इस सिलसिले में जो भी अधिकारी लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

    *_लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का हो रहा समाधान_*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य बनने के बाद भी झारखंड की गिनती पिछड़े राज्य में होती है । इसकी वजह पिछले 20 सालों के दौरान यहां की व्याप्त समस्याएं हैं । पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा विकास को हाशिए पर पर छोड़ना है ।लेकिन, हमारी सरकार कई योजनाओं को तेजी से लागू करने का काम कर रही है। हम एक ऐसी कार्य योजना बना रहे हैं, जिसके माध्यम से यहां के लोगों को मान -सम्मान के साथ उनको उनका हक -अधिकार भी मिले और राज्य में विकास की धार तेज हो सके।

    *_राज्य और राज्य वासियों के हित में ले रहे हैं निर्णय_*

    मुख्यमंत्री ने कहा की सरकार राज्य और राज्यवासियों के हित में लगातार कई अहम निर्णय ले रही है । हमारी सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांग पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने का निर्णय लिया है ।वही, पुलिसकर्मियों के क्षतिपूर्ति अवकाश की मांग पर भी सहमति दे दी गयी है ।आंगनबाड़ी सेविका,- सहायिका के लिए सेवा शर्त नियमावली बनाने की मांग पूरी कर ली गई है। राज्य मंत्रिमंडल ने 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति और ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का भी निर्णय ले चुकी है । हमारी सरकार सभी की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए उसका समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।

    *_गरीबों और जरूरतमंदों की फिक्र कर रही सरकार_*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों की फिक्र सरकार को है । ऐसे में अधिकांश योजनाएं उनके हित को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है । मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी बुजुर्ग, विधवा , दिव्यांग , परित्यक्ता और एकल महिला को पेंशन देंगे सुनिश्चित कर रहे हैं । गरीबों को 10 रुपए में धोती- साड़ी -लूंगी दिया जा रहा है। इसके अलावा नए ग्रीन राशन कार्ड जारी किए जा रहे हैं, ताकि गरीबों को अनाज दे सके। इसके अलावा भी कई ऐसी योजनाएं हैं जिसके माध्यम से गरीबों ,-जरूरतमंदों को राहत देने का काम हो रहा है।

    *_रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा_*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार गंभीर है । बहुत जल्द 50 हज़ार शिक्षकों के पद पर बहाली प्रक्रिया शुरू होने जा रही है ।जेपीएससी और जेएसएससी के माध्यम से विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है । जबकि, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत स्वरोजगार के लिए सरकार अनुदान आधारित लोन दे रही है। युवा वर्ग इसका लाभ उठाएं और खुद के साथ दूसरों को भी रोजगार दें।

    *_मुख्यमंत्री ने दी ये सौगातें_*
    =================
    योजनाओं का उद्घाटन -शिलान्यास

    मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 2734. 54 लाख रुपए की लागत से 15 योजनाओं का उद्घाटन किया। वहीं, 40 योजनाओं की आधारशिला रखी । इन योजनाओं पर 18020 .05 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।

    लाभुकों के बीच परिसंपत्ति वितरण
    मुख्यमंत्री ने 5625 लाभुकों के बीच 2701. 65 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया । इसके अंतर्गत 3560 सखी मंडलों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत 178.5 लाख रुपया का चेक सौंपा गया।

    नियुक्ति पत्र का वितरण

    मुख्यमंत्री ने 18 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इनमें विशेषज्ञ चिकित्सक समेत अन्य अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने लाभुकों को प्रधानी पट्टा भी प्रदान किया।

    लाभुकों का गृह प्रवेश और आवास का स्वीकृति पत्र सौंपना

    मुख्यमंत्री ने लाभुकों के बीच परिसंपत्ति वितरण के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना -ग्रामीण और डॉ भीमराव आंबेडकर आवास योजना के तहत 521 लाभुकों को आवास का स्वीकृति पत्र सौंपा। इन दोनों योजनाओं के कई लाभुकों का गृह प्रवेश भी कराया गया।

    इस मौके पर सांसद श्री विजय हांसदा, विधायक श्रीमती दीपिका पांडेय और जिला परिषद के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष और गोड्डा के उपायुक्त समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।

  • हुंडरू फॉल में डूबा इंटर का छात्र

    आरटीसी की एक छात्रा भी बही लेकिन पर्यटनकर्मियों ने बचाया

    रांची। हुंडरू फॉल में आज उस समय अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी, जब पानी के तेज बहाव में एक लड़का और एक लड़की बहने लगे। उनके साथ आए अन्य लड़के-लड़कियों ने उनको बचाने की कोशिश की और शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़े। पर्यटक मित्रों ने काफी मशक्कत कर पानी में बह रही लड़की को तो निकाल लिया, परंतु लड़का तेज बहाव में बह निकला, जिसे खबर लिखे जाने तक नहीं तलाशा जा सका है।

    5 छात्र और 5 छात्रा गए थे घूमने

    घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार पांच लड़के और पांच लड़कियों का ग्रुप सुबह 11 बजे के करीब हुंडरु फॉल आया था। वे सभी फॉल के आसपास घूम रहे थे। इसी दौरान प्रेमचंद इंटर कॉलेज के बारहवीं का छात्र रितिक कुमार साहू और रामटहल चौधरी इंटर कॉलेज की छात्रा तन्नु कुमारी पावर हाउस के बाईपास के समीप नदी में डूबने लगे।

    अचानक तेज हुए बाहों में डूबे दोनों


    उनको डूबता देख उनके साथ आए अन्य छात्रों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, परंतु रितिक पानी के तेज बहाव में बह निकला। जबकि उसके साथ एक अन्य छात्रा को पर्यटनकर्मियों ने बचा लिया। पानी का बहाव तेज होने के कारण छात्र का कोई पता नहीं चल सका है। शव की खोज जारी है। डूबने की घटना आज मंगलवार दिन 12 बजे की है। रितिक मूलत: पिठोरिया थाना क्षेत्र के चंदवे का रहने वाला था, जबकि लड़की बारीडीह की रहने वाली बतायी जा रही है।
    घटना के बाद गेतलसूद डैम से नहर को छोड़े जा रहे पानी को बंद करा दिया गया है। गोताखोरों को बुला लिया गया है, जो घटनास्थल के आसपास लगातार शव को तलाशने में जुटे हैं। लड़के के घरवालों को घटना की जानकारी दे दी गयी है। घटना में बचाकर निकाली गयी लड़की को इलाज के लिए रिम्स भेज दिया गया है।

    सावधानी बरतें स्टूडेंट्स


    इस मामले में प्रेमचंद इंटर कॉलेज के प्राचार्य उमेश कुमार यादव ने गांडीव को बताया कि रितिक कुमार साहू उनके कॉलेज का बारहवीं का छात्र है, लेकिन आज वह कॉलेज नहीं आया था। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए छात्रों को सलाह दी कि ऐसे मौसम में सावधानी बरतें।