कोडरमा स्टेशन पर हादसा; चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश में हुई मौत

कोडरमा: कोडरमा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम को एक दुखद घटना में 24 वर्षीय महिला की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला मुस्कान मसी, जो पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के रामबंध थाना क्षेत्र की निवासी थीं, सियालदह-जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12379) के बी-3 कोच में यात्रा कर रही थीं।

महिला अपने दो जुड़वा शिशुओं (जो कि केवल 2-3 माह के थे) और एक भांजी के साथ आसनसोल से दिल्ली जा रही थीं। जब ट्रेन कोडरमा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर रुकी, तो वह कुछ सामान लेने के लिए नीचे उतरीं। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी। हड़बड़ी में वह दो बोगियों के बीच के गैप में फंस गईं और ट्रेन के पहिए की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) ने मौके पर पहुंचकर दोनों बच्चों और भांजी को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उनके स्वजनों को सूचना दी।

स्टेशन पर ट्रेन खड़ी रही

इस दुखद हादसे के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे पीछे आ रही रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, गया-आसनसोल ईएमयू और झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top