मुंबई: जीवन कभी-कभी अचानक मोड़ ले लेता है। अमीरी से गरीबी तक का सफर केवल एक गलत फैसले से हो सकता है। ऐसी ही एक दुखद कहानी है प्रसिद्ध दक्षिण भारतीय अभिनेत्री सुधा (हेमा सुधा) की। बचपन में बेशुमार धन में पली-बढ़ीं इस अभिनेत्री ने फिल्म इंडस्ट्री में सफलता के शिखर तक पहुंची, लेकिन एक साइन ने उनकी पूरी संपत्ति छीन ली।
एक साइन ने करोड़पति अभिनेत्री का बैंक बैलेंस किया शून्य
सुधा का जन्म एक संपन्न परिवार में हुआ था, जहां सभी सुख-सुविधाएं मौजूद थीं। बचपन में उन्होंने कभी पैसों की कमी का सामना नहीं किया। लेकिन जब वे सिर्फ आठ साल की थीं, तब उनके परिवार पर आर्थिक संकट आ गया। सभी संपत्तियां बेचनी पड़ीं और सुधा को गरीबी का सामना करना पड़ा। यहां तक कि उनकी मां के गहने भी गिरवी रखने की नौबत आ गई।
कई सालों की कठिनाइयों के बाद, 1984 में सुधा को तमिल फिल्म ‘ओह माने माने’ में काम करने का अवसर मिला, जिसने उनकी किस्मत बदल दी। वे दक्षिण भारतीय सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री बन गईं और तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। अपने करियर के उच्चतम स्तर पर, वे करोड़ों रुपये कमा रही थीं।
फिल्मों से अच्छी कमाई होने पर, सुधा ने दिल्ली में एक होटल खोलने का निर्णय लिया। उनका मानना था कि यह निवेश उन्हें और अधिक मजबूत बनाएगा। हालांकि, होटल का व्यवसाय उनके लिए घाटे का सौदा साबित हुआ। एक पुराने इंटरव्यू में सुधा ने बताया, “मैंने दिल्ली में होटल शुरू किया। शुरुआत में अच्छा मुनाफा भी हो रहा था, लेकिन एक साइन करते ही मेरा सारा जमा पैसा चला गया। मेरा बैंक बैलेंस जीरो हो गया।”
सिर्फ एक साइन ने उनकी मेहनत की कमाई को समाप्त कर दिया। वे फिर से अपने शुरुआती दिनों जैसी स्थिति में लौट आईं। अमीरी से कंगाली का सफर इतना तेजी से हुआ कि उन्हें समझ नहीं आया। इस कठिन समय में उनके अपने भी उनका साथ छोड़ गए। सुधा ने बताया कि उनके पति ने भी धोखा दिया और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी दूरी बना ली। यहां तक कि उनके बेटे के साथ भी रिश्तों में दरार आ गई। वे अकेली पड़ गईं। लेकिन सुधा ने हार नहीं मानी। अपनी मेहनत और संघर्ष के माध्यम से उन्होंने एक बार फिर से अपने करियर को संवारना शुरू किया। आज सुधा दक्षिण भारतीय और टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं, और उन्होंने कई धारावाहिकों में काम किया है, जिसमें ‘नागिन’ भी शामिल है।