कृषि मंत्री मुदार्बाद, निक्कमे मंत्री को हटाओ के नारे लगाये गये
रांची। कृषिक मित्रों ने अपनी मांगों को लेकर आज कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के हिनू स्थित आवास का घेराव किया। कृषिक मित्र मंत्री से बात करने पहुंचे थे, लेकिन मंत्री ने बात नहीं किया। जिससे कृषक मित्र आक्रोशित हो गये और हंगामा करने लगे। घेराव करने पहुंचे लोगों ने कृषि मंत्री मुदार्बाद, निक्कमे मंत्री को हटाओ, झारखंड सरकार होश में आओं, कृषक मित्रों का मानदेय लागू करो के नारे लगाये। मौके पर मौजूद कृषक मित्र महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शशि भगत ने कहा कि देवघर कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के निर्देश के बावजूद कृषि मंत्री कृषक मित्रों के मानदेय लागू करने के पक्ष में नहीं हैं। जिससे कृषक मित्रों मे आक्रोश बढ़ा है। कृषि मंत्री राज्य के जिस क्षेत्र में जाएंगे कृषक मित्र उन्हें काला झंडा दिखा कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। कृषि मंत्री के अलावे अन्य मंत्रियों को भी काला झंडा दिखाया जायेगा। शशि भगत ने कहा कि कृषक मित्र महासंघ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष और राहुल गांधी को पत्र लिख कर कृषि मंत्री को हटाने की मांग करेगा। प्रदेश महासचिव सुभाष सिंह ने कहा कि ये सरकार किसानों, युवाओं और मूल वासियों के हितैषी होती तो आज किसान के हितकर युवा कृषक मित्र को प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं पड़ती। सरकार के कथनी और करनी में फर्क है। कृषि मंत्री के गैर जिम्मेदाराना रवैया से प्रदेश के कृषक मित्रों में आक्रोश बढ़ा है।