अरब सागर के आकाश में तीन हजार ड्रोन से दिखा बाबा सोमनाथ का अद्भुत नजारा
………….
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में आयोजित ड्रोन शो को देखकर मंत्रमुग्ध हुए लोग
………….
ड्रोन के जरिए आकाश में बनी त्रिशूल, ओम, वीर हमीरजी, अहिल्याबाई होल्कर, सरदार वल्लभभाई पटेल और नरेन्द्र मोदी की आकृतियां
………….
ड्रोन शो के बाद सोमनाथ मंदिर के निकट स्थित समुद्र तट भव्य आतिशबाजी से जगमगा उठा
………….
गांधीनगर, 10 जनवरी : सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत शनिवार रात सोमनाथ मंदिर परिसर में भव्य और आकर्षक ड्रोन शो का आयोजन किया गया। इस अनोखे आयोजन से पवित्र सोमनाथ धाम में उत्सवमय और हर्षोल्लास का माहौल बन गया था।
ड्रोन शो में लगभग 3000 ड्रोन के जरिए अरब सागर के ऊपर आकाश में प्रकाश के अनूठे संयोजन के माध्यम से विभिन्न बिंदु चित्र-रंगीन आकृतियां सृजित की गईं। आकाश में उभरते प्रकाशमय दृश्य लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बन गए।

ड्रोन लाइट के माध्यम से त्रिशूल, ओम, तांडव नृत्य करते भगवान शंकर, वीर हमीरजी, अहिल्याबाई होल्कर, सोमनाथ पर आक्रमण, सरदार वल्लभभाई पटेल, स्वाभिमान पर्व का लोगो और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आकृतियां प्रदर्शित की गईं। इन सभी आकृतियों ने भारतीय संस्कृति, आत्मगौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतिबिंब प्रस्तुत किया।
इस भव्य ड्रोन शो का संचालन कुल 40 प्रशिक्षित ऑपरेटरों ने सुव्यवस्थित तरीके से किया। लगभग 15 मिनट तक चले इस शो ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री पटेल ने सोमनाथ मंदिर प्रांगण में उपस्थित रहकर इस भव्य ड्रोन शो को निहारकर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी इन अद्भुत दृश्यों को अपलक देखकर गौरव और आनंद का अनुभव किया।
ड्रोन शो पूरा होने के बाद तुरंत ही निकट स्थित समुद्र तट पर भव्य आतिशबाजी की गई। विभिन्न प्रकार के क्रैकर्स से आकाश रोशनी से नहाया हुआ नजर आ रहा था।


