बेटी के प्रेम संबंध से नाराज परिजनों ने प्रेमी की हत्या कर शव छिपाया

📌 गांडीव लाइव डेस्क:

झारखंड में ऑनर किलिंग

धनबाद: जिले के हरिहरपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। एक प्रेम कहानी का दुःखद अंत हो गया।मृतक की पहचान कपिल कुमार राय (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हरिहरपुर का निवासी था। कपिल का प्रेम प्रसंग अपनी ही गांव की एक युवती से काफी समय से चल रहा था। गुरुवार रात को वह अपनी प्रेमिका से मिलने गया। वहां प्रेमिका के परिजन उसे देख लेते हैं।आक्रोशित परिवार ने कपिल को घर के अंदर खींच लिया और धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद, कपिल के हाथ-पैर बांधकर शव को घर के आंगन में धान की पत्तियों से ढक दिया गया।शुक्रवार सुबह कपिल के परिवार वालों ने उसकी खोज शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः उन्होंने हरिहरपुर थाना में सूचना दी। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, सैकड़ों ग्रामीण आरोपी के घर के बाहर इकट्ठा हो गए और हंगामा करने लगे। पुलिस मौके पर पहुँचकर आरोपी गंगा ठाकुर (प्रेमिका के पिता) के घर की तलाशी ली, जहां कपिल का शव बरामद हुआ। जैसे ही शव मिला, स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। विरोध के कारण पुलिस को स्थिति पर नियंत्रण पाने में लगभग 10 घंटे लग गए। अंततः, अतिरिक्त बल को बुलाकर पुलिस ने आरोपी गंगा ठाकुर को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य संदिग्ध परिजन फरार बताए जा रहे हैं।शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद सदर अस्पताल भेजा गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top