जीटी रोड पर खड़े ट्रक को दूसरे ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, दो चालकों की मौत

निमियाघाट थाना अंतर्गत लक्ष्मण मोड़ के पास कुहासा के कारण आधी रात को घटी घटना
गिरिडीह। नई दिल्ली-कोलकाता जीटी रोड पर निमियाघाट थाना अंतर्गत लक्ष्मण मोड़ के पास दो ट्रकों की जोरदार टक्कर हुई। इसमें दो चालकों की मौत हो गई। दोनों चालक एक ही ट्रक में सवार थे। एक ट्रक चला रहा था तो दूसरा बैठा था। घटना शुक्रवार आधी रात की है। हादसे के बाद दोनों चालकों का शव ट्रक में फंस गया। आज सुबह ट्रक से शवों को निकाला गया। मरने वाले दोनों चालक धनबाद के गोधर के रहने वाले हैं। निमियाघाट थाना की पुलिस के अनुसार जेएच 02यू 7087 नंबर का ट्रक धनबाद से सरिया लेकर हजारीबाग जा रहा था। लक्ष्मण मोड़ के पास एक ट्रक गलत दिशा में पहले से खड़ा था। कोहरे के कारण धुंध छाने से ट्रक चालाक तारकेश्वर को दिखाई नहीं पड़ा और खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर में चालक 55 वर्षीय तारकेश्वर सिंह की मौत हो गई। ट्रक में बैठा दूसरा चालक 35 वर्षीय मनोज गोप की भी मृत्यु हो गई। हादसे के बाद रात को ही पुलिस घटना स्थल पहुंची। लेकिन दोनों मृतकों का शव फंसे होने के कारण बाहर नहीं निकाला जा सका। आज सुबह पुलिस ने कटर मशीन से ट्रक के कुछ हिस्सें को काटकर दोनों का शव बाहर निकाला। जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों चालकों को मरने की सूचना के बाद आज सुबह से गोधर में मातम पसरा हुआ है। दो लोगों की एक साथ मौत से क्षेत्र के लोग काफी दुखी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top