एस्‍पायर इंस्‍टीट्यूट की टीचर का शव नग्‍न अवस्‍था में बरामद

मनोहरपुर। शहर में स्थित एस्‍पायर इंस्‍टीट्यूट में शिक्षिका के रूप में कार्यरत युवती का सोमवार को शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि युवती संग दुष्‍कर्म की घटना हुई है क्‍योंकि शिक्षिका का शव नंग धड़ंग अवस्था में नदी किनारे मुख्य सड़क से लगभग 50 मीटर दूर झाड़ियों में पड़ा हुआ मिला।

शव के पास में ही उसका सामान व कपड़ा भी बिखरा मिला। सूचना मिलते ही मंगलवार की सुबह पुलिस ने काफी मशक्‍कत के बाद युवती का शव बरामद किया। बदमाशों ने घटना को मनोहरपुर के चिड़िया ओपी क्षेत्र अंतर्गत मनोहरपुर-अंकुवा-गुवा मुख्य मार्ग में अंकुआ चौक से कुछ ही दूरी पर अंजाम दिया।

घटना सोमवार दोपहर के बाद की बताई जा रही है। युवती की पहचान मनोहरपुर प्रखंड अन्तर्गत राईकड़ा पंचायत के तिरला गांव निवासी के रूप में हुई है। उसके परिजनों ने शव की शिनाख्त करते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। उनका नाम अमिता तिर्की है और उम्र 26 साल है। 

एस्पायर संस्था के पदाधिकारी राजेश लागुरी ने बताया कि 17 जुलाई को छोटानागरा थाना अंतर्गत चुर्गी गांव स्थित स्कूल में एस्पायर की तरफ से बच्चों के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उसी कार्यक्रम में भाग लेने युवती अन्य सहेलियों के साथ गई थी।

कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोपहर लगभग डेढ़ बजे सभी स्कूल से निकल गए। उसके बाद से युवती लापता हो गई। वह पैदल ही लौट रही थी। दिन के लगभग 12:30 बजे ममार गांव के पास सीसीटीवी कैमरा में उसे आखिरी बार देखा गया।

घटना को लेकर एस्पायर संस्था समेत आसपास के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार सुबह शव को ग्रामीणों ने देखा इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस का कहना है कि अभी पुख्‍ता रूप से नहीं बताया जा सकता  कि युवती दुष्‍कर्म का शिकार हुई है। शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।  

Comments

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *