ट्रेन से कटा हाथी का बच्चा

मालगाड़ी में फँसने के कारण रात में आवागमन बाधित

आज शनिवार को वन विभाग की टीम ने निकाला शव

Gandiv Reporter: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के माल्हन केकराही गांव के निकट शुक्रवार की देर रात मालगाड़ी की चपेट में आने से एक हाथी के बच्चे की मौत हो गई।मृत हाथी का बच्चा मालगाड़ी के नीचे फंसा रहने के कारण रेलवे का परिचालन भी प्रभावित रहा।

शनिवार को वन विभाग और रेलवे विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृत हाथी के बच्चे को मालगाड़ी के नीचे से बाहर निकाला गया। दरअसल, बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड अंतर्गत चंदवा थाना क्षेत्र के केकराही गांव के समीप बीती रात हाथियों का झुंड रेल पटरी को पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक डाउन लाइन पर मालगाड़ी आ गई, जिसके चपेट में एक जंगली हाथी का बच्चा आ गया और उसकी मौत हो गई।

हाथी का बच्चा मालगाड़ी में फंसे होने के कारण गाड़ी को घटनास्थल पर ही रोकना पड़ गया। इधर, घटना की जानकारी होने के बाद रेलवे विभाग के द्वारा वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। शनिवार की सुबह वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेलवे की टीम की मदद से हाथी के बच्चे को रेलवे के पटरी से हटाया गया।

इस संबंध में रेंजर नंदकुमार महतो ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम के द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मृत हाथी के बच्चे को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

डाउन लाइन पर यातायात रहा प्रभावित

इधर, डाउन लाइन पर मालगाड़ी के खड़े रहने के कारण यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि रेलवे विभाग के द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अप लाइन के माध्यम से ही रेलवे परिचालन को कराया गया।शनिवार को पटरी से हाथी के बच्चे के शव को हटाने के बाद डाउन लाइन पर भी यातायात सामान्य हो गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top