बोकारो समाचार: चास में उपमहापौर चुनाव में भाजपा की योजना असफल, पूजा कुमारी बनीं उपमहापौर।

Bokaro News : चास में उपमहापौर के चुनाव में भाजपा की रणनीति फेल, पूजा कुमारी बनीं उपमहापौर

बोकारो : चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद में उपमहापौर एवं उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव मंगलवार को सम्पन्न हुआ। चास नगर निगम में उपमहापौर पद के लिए वार्ड-22 की पूजा कुमारी और वार्ड-15 के अमर स्वर्णकार के बीच सीधे मुकाबले हुआ। कुल 35 वार्ड पार्षदों में से 33 मत वैध माने गए। पूजा कुमारी को 19 और अमर स्वर्णकार को 14 मत मिले। निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ प्रांजल ढांडा ने पूजा कुमारी को विजेता घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया।

उपमहापौर के चुनाव में भाजपा की रणनीति असफल रही। भाजपा नेता और सांसद ढुलू महतो के प्रतिनिधि अमर स्वर्णकार, पार्षदों को अपने पक्ष में नहीं कर सके। अंदरूनी समीकरण और क्रॉस वोटिंग के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा। निगम के महापौर एवं अध्यक्ष के चुनाव में भी भाजपा उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे थे।

महापौर ने दिलाई शपथ

परिणाम घोषित होने के बाद नव निर्वाचित महापौर भोलू पासवान ने पूजा कुमारी को उपमहापौर पद की शपथ दिलाई। इसके बाद पार्षदों और उनके समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस कार्यक्रम में सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ प्रदीप कुमार, पंकज दुबे और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

फुसरो में एक वोट से हुआ निर्णय

फुसरो नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद पर कड़ा मुकाबला रहा। वार्ड-01 की रेणु देवी ने मात्र एक मत से जीत हासिल की। उन्हें 14 मत मिले, जबकि वार्ड-16 की रश्मि सिंह को 13 मत प्राप्त हुए। निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ (बेरमो) मुकेश मछुआ ने रेणु देवी को निर्वाचित घोषित किया। इसके बाद अध्यक्ष निर्मला देवी ने रेणु देवी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

Comments

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *