धनबाद से यात्रियों को लेकर बिहार जा रही बस ट्रेलर को पीछे से मारी टक्कर

नवादा के धनधारी मोड़ में हुआ हादसा, 15 यात्री घायल पांच की स्थिति गंभीर

धनबाद। धनबाद से यात्रियों को लेकर जा रही बस की आज सुबह बिहार के नवादा में ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गयी। इसमें बस में बैठे 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। जिसमें पांच की हालत चिंताजनक बतायी जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस धनबाद से बिहार के पकरीबरावां जा रही थी। इस दौरान बस नवादा में धनधारी मोड़ के समीप सड़क हादसे का शिकार हो गयी। घायलों में कुछ लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, तो कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल भेजा गया। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी और छड़ लदे ट्रक में पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का एक तरफ का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद सरकारी एंबुलेंस पर कई बार नंबर लगाया गया, लेकिन किसी भी प्रकार का कोई रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद सभी घायलों को निजी वाहन से प्राइवेट अस्पताल में भेजा गया तो कुछ लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। जानकारी के अनुसार सदर अस्पताल में जलेश्वर महतो की पत्नी सोना देवी और सुधीर कुमार को भर्ती कराया गया है। वहीं रमेश कुमार, राजेश कुमार और अमित कुमार को हल्की चोटें लगी है, जो अस्पताल में बिना एंट्री कराए हुए इलाज करा कर चले गए। कई घायलों को मौके पर पहुंचकर परिवार ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top