श्रेणी: Jharkhand

  • नक्सल विरोधी अभियान में शामिल सीआरपीएफ सब इंस्पेक्टर की मौत

    पलामू के डगरा पिकेट में तैनात थे, मौत के कारण का नहीं चला पता

    पलामू। नक्सल विरोधी अभियान में तैनात केंद्रीय रिजर्व बल (सीआरपीएफ) के एक सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई। उनकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सब-इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह यादव पलामू के अति नक्सल प्रभावित डगरा पिकेट में तैनात थे। जानकारी के अनुसार भूपेंद्र सिंह यादव रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में जाकर सो गए थे। आज सुबह पिकेट में तैनात जवान जब चाय पीने के लिए उन्हें उठाने गए तो उनके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भूपेंद्र सिंह यादव सीआरपीएफ 134वी बटालियन में तैनात थे। 134 बटालियन के कमांडेंट ने बताया कि भूपेंद्र सिंह यादव लो मेडिकल प्रोफाइल के थे। उपेंद्र सिंह राजस्थान के जयपुर जिले के भोटवार के रहने वाले थे। वहीं एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि आशंका जताई जा रही है कि हार्ट अटैक से सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा। उनके मौत से डगरा पिकेट में मातम पसर गया है।

    2018 से डगरा पिकेट पर तैनात थे भूपेंद्र सिंहसीआरपीएफ 120 बटालियन मुख्यालय में सब इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह के शव को सलामी दी जाएगी. उसके बाद शव को गृह जिला भेज दिया जाएगा. भूपेंद्र सिंह यादव 2018 से डगरा पिकेट में तैनात थे. डगरा पिकेट झारखंड और बिहार से बॉर्डर पर है. पिकेट से कुछ ही सौ मीटर की दूरी पर बिहार की सीमा है.

  • किसान लोगों का पेट भरते है,लेकिन उपज की सही कीमत के लिए संघर्षरत रहते है : रामेश्वर उरावं

    किसान दिवस पर अन्न एवं अन्नदाता की उपयोगिता एवं सम्मान में टेक्नो खेती पर कार्यशाला
    रांची। अर्थव्यवस्था में मुख्य रूप से तीन सेक्टर होते है, उसमें कृषि का काफी महत्व हैं। किसान लोगों का पेट भरने का काम करते है,लेकिन वे अपने फसल की उपज की सही कीमत को लेकर हमेशा संघर्षरत रहते है। यदि दिनभर में दो बार उन्हें भरपेट भोजन मिल जाता है,तो वे अपने को धन्य समझते हैं। यह बातें राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने किसान दिवस पर आयोजित कार्यशाला के उदघाटन के अवसर पर कही। आज किसान दिवस पर टेंडर हार्ट स्कूल में अन्न एवं अन्नदाता की उपयोगिता एवं सम्मान में टेक्नो खेती पर आयोजित एक कार्यशाला का उदघाटन डॉ रामेश्वर उरांव ने किया। इस मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से खेत की जुताई, धान-रोपनी और धान कटाई समेत फसल उपजाने को लेकर कई आकर्षक रंगारंग कार्यक्रम पेश किये गये। इस अवसर पर डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि बचपन में जब वे पढ़ते थे, तो बेसिक स्कूल में खेती-बाड़ी की भी पढ़ाई और प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन होता था। उन्होंने कहा कि गांव और ग्रामीण क्षेत्र से आये कई बच्चे खेती बारी में थोड़ी बहुत जानकारी रखते हैं। लेकिन शहर के कई बच्चों को यह भी पता नहीं होगा कि धान से चावल निकलता हैं। इस तरह के कार्यक्रम से ऐसे बच्चों को काफी फायदा मिलेगा। वित्तमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद दिल्ली में एक कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ था। जिसमें यह कहा गया कि आजादी और रोटी दोनों बुनियादी जरुरत है। डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि आज हमारे सामने यह बड़ी चुनौती है कि किसानों को उनकी उपज का सही कीमत कैसे दिलाये जाए। इस दिशा में राज्य सरकार भी प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि पंडित नेहरू ने अपनी एक पुस्तक में लिखा है कि देश के ज्यादातर कृषक सीमांत किसान है। इसलिए उनकी उपज में बढ़ोत्तरी और आय में वृद्धि के लिए कॉपरेटिव खेती को बढ़ावा देने की जरुरत है। लेकिन केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली नरेंद्र मोदी सरकार कॉपरेटिव खेती की जगह अपने अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए कॉरपोरेट खेती को बढ़ावा देने की कोशिश में जुटी है। इससे किसानों को फायदा नहीं होगा, बल्कि कॉरपोरेट घरानों को अधिक से अधिक मुनाफा होगा। उन्होंने कहा कि अन्नदाता लोगों का पेट भरते है, लेकिन हमेशा कर्ज में बोझ से दबे रहते हैं। राज्य सरकार ने किसानों का 50 हजार रुपये का कर्ज माफ किया है, इससे किसानों को बड़ा फायदा मिला हैं। मौके पर पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि खेती-किसानों को लेकर इस तरह का कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को कृषि कार्याें के बारे में प्रारंभिक जानकारी देने का प्रयास अच्छा हैं। इसके लिए उन्होंने स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और बच्चों का आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जतायी कि अन्य निजी स्कूलों में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को खेती-किसानी के बारे में बेसिक जानकारी दी जाएगी। किसान दिवस के मौके पर वित्त मंत्री ने स्कूल के उत्कृष्ट बच्चों को सम्मानित भी किया। इसके पूर्व विद्यालय के प्राचार्य उषा किरण झा ने वित्त मंत्री का स्वागत किया एवं मोमेंटो देकर अभिवादन किया।

  • हजारीबाग वॉलीबॉल टीम बनी स्टेट चैंपियन, खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत

    रांची। राज्यस्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हजारीबाग की टीम ने बाजी मारी है। पलामू में हुए इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद टीम हजारीबाग पहुंची। जहां खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। पलामू में हुए झारखंड वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हजारीबाग की टीम ने बाजी मारी है। ऐसे में खिलाड़ियों का भी जोरदार स्वागत हजारीबाग लौटने पर किया गया। यह प्रतियोगिता झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित की गई थी। जो वॉलीबॉल फेडरेशन आॅफ इंडिया के तहत रजिस्टर्ड है। कप लेकर लौटने के बाद हजारीबाग वालीबॉल एसोसिएशन के सदस्यों के द्वारा गाजे बाजे के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया गया और उन्हें सम्मानित भी किया गया। हजारीबाग की टीम ने धनबाद की टीम को हराकर इस प्रतियोगिता पर अपना कब्जा जमाया है। ज्ञात हो कि पिछले साल की चैंपियन धनबाद की टीम थी। हजारीबाग एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिमन्यु प्रसाद ने कहा कि हम लोग इस खेल को और भी अधिक बढ़ावा देंगे और मूलभूत सुविधा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराएंगे। महत्वपूर्ण बात यह है कि हजारीबाग वॉलीबॉल टीम के कुछ सदस्यों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी होने की उम्मीद है। वहीं कप पर कब्जा करने वाली टीम के कप्तान ने कहा कि टीम स्प्रिट है कि हम लोगों ने टूनार्मेंट पर कब्जा जमाया है।

  • 24 के बाद ठंड से मिल सकती है थोड़ी राहत, 28 दिसंबर को बारिश के आसार

    उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली सर्द हवाओं के बहाव से राज्य में बढ़ी है सर्द

    रांची। क्रिसमस से पहले लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलने वाली हैं। रांची। क्रिसमस से पहले उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली सर्द हवाओं के बहाव में थोड़ी कमी आएगी। जिससे लोगों को इस कंपकंपाती ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के हेड अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन से चार दिन में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। उत्तर भारत में बुधवार से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बढ़ने से 24 दिसंबर तक राज्य में ठंड में कमी होने से शीतलहर की स्थिति नहीं बनेगी। मौसम विभाग के मुताबिक हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के और मजबूत होने की स्थिति में 27 दिसंबर को राज्य के विभिन्न इलाके में आसमान में बादल छाए रहेंगे और 28 दिसंबर को कुछ स्थान पर हल्की बारिश हो सकती है।
    आज भी ये जिले रहेंगे ठंड की चपेट में
    मौसम पूवार्नुमान में बताया गया कि आज राज्य के रांची, गढ़वा, डालटनगंज, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, खूंटी और सिमडेगा में न्यूनतम तापमान छह से सात डिग्री रहेगा। वहीं कोल्हान , धनबाद, गिरिडीह, देवघर,दुमका, पाकुड़ और गोड्डा में न्यूनतम तापमान आठ से 9 डिग्री रहने के आसार हैं। संभव है।

    पिछले 24 घंटे में रांची रहा सबसे ठंड
    पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची और डालटनगंज में 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रामगढ़ में 5.9, हजारीबाग में 6.5 और बोकारो थर्मल में 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा ।

  • नई पीढ़ी को अवगत कराया जा रहा है सिख पंथ की विरासत एवं शहादत

    श्री गुरु गोविंद सिंह, उनके परिवार सहित सैकड़ों सिखों की याद में शहादत पखवाड़ा
    जमशेदपुर। सिख समुदाय श्री गुरु गोविंद सिंह जी के चार साहबजादों, माताजी एवं बाबा जीवन सिंह रंगरेटा के साथ ही सैकड़ों सिखों की शहादत को नमन करते हुए शहादत पखवाड़ा मना रहा है। शहर के विभिन्‍न गुरुद्वारों में सोमवार से विविध धार्मिक आयोजन संचालित किए जा रहे हैं। जिससे नई पीढ़ी को सिख पंथ की महान विरासत एवं शहादत से अवगत कराया जा सके। सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष गुरमुख सिंह मुखे के नेतृत्व में गुरु तेग बहादुर मेमोरियल सभागार में पहली बार दो दिवसीय सफर ए शहादत कार्यक्रम होगा। मंगलवार को रखे गए श्री अखंड पाठ का भोग आज हुआ। इसके साथ ही आज और कल शुक्रवार को धार्मिक समागम होगा। जिसमें इंटरनेशनल पंथक ढाडी जत्था प्रो. भूपेंद्र सिंह प्रीत, पारसमणी अमृतसर वाले, शहीदी इतिहास पर प्रकाश डालेंगे। इसके अलावा भाई धर्मवीर सिंह अमृतसर वाले, स्थानीय कीर्तनी जत्थे व कथावाचक भाई गुरप्रताप सिंह, भाई रामप्रीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, प्रभजोत सिंह मनी समेत विभिन्‍न जत्थे गुरवाणी कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे। दोनों दिन संगत के बीच गुरु का अटूट लंगर का आयोजन किया जाएगा। मानगो गुरुद्वारा में 27 दिसंबर तक कार्यक्रम चलेगा। इसमें बच्चों को गुरवाणी कीर्तन इतिहास विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधान भगवान सिंह ने बताया कि कथावाचक गुरु प्रताप सिंह आनंदपुर साहिब, सरसा नदी ते विछोड़ा, चमकौर की गड़ी का युद्ध व सरहिंद में छोटे साहबजादे का दीवार में चुना जाना जैसे ऐतिहासिक घटनाओं की जानकारी दे रहे हैं।

  • कोयले के अवैध अवैध खनन और ट्रांसपोर्टिंग करने वालों पर होगी कार्रवाई

    जिला प्रशासन, पुलिस, बीसीसीएल व सीआईएसएफ मिलकर करेंगे काम

    धनबाद। जिले में अवैध कोल माइनिंग और अवैध ट्रांसपोर्टिंग करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। संगठित कोयला चोरी को रोकने के लिए उपायुक्त संदीप सिंह की अध्यक्षता में को-आॅर्डिनेशन कमेटी की बैठक हुई। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, बीसीसीएल तथा सीआईएसएफ के बीच समन्वय स्थापित कर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कोल माइनिंग सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया गया। पिछले 3 वर्षों में कोयला चोरी की सभी एफआईआर और उसकी अद्यतन स्थिति की समीक्षा करने, खनन स्थल और गंतव्य पर कोयला लदा ट्रक का वजन करने, नियमित रूप से जांच अभियान चलाने की बात कही गई। उपायुक्त ने कहा कि भारत कोकिंग कोल लिमिटेड यह सुनिश्चित करे कि डीओ धारक नियमानुसार कोयले की लिफ्टिंग करे। उन्होंने कहा कि अवैध कोल माइनिंग और अवैध कोल ट्रांसपोर्टेशन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। माइनिंग एरिया में विधिवत और शांतिपूर्ण तरीके से काम चले, यही बैठक का उद्देश्य है। बैठक में बंद पड़ी कोल माइंस से कोयला चोरी रोकने के लिए कार्य योजना बनाने पर विचार विमर्श किया गया। खनन क्षेत्रों में पेट्रोलिंग करने के लिए बीसीसीएल द्वारा सीआईएसएफ को पर्याप्त संख्या में वाहन, ईंधन मुहैया कराने, खनन कार्यों में बाधा पहुंचाने वालों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम कुमार तिवारी, बीसीसीएल के निदेशक, सीआईएसएफ के डीआईजी विनय काजला, कमांडेंट शेखर रमोला, बीसीसीएल तथा ईसीएल के महाप्रबंधक सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी उपस्थित थे।

  • चतरा में बैंक आफ इंडिया में गबन मामले में तीन के खिलाफ केस दर्ज

    करीब 54 लाख गबन मामले में तत्कालीन मैनेजर समेत तीन नामदज

    चतरा। सिमरिया बैंक आॅफ इंडिया शाखा में 54 लाख 43 हजार 394 रुपये के गबन मामले को लेकर वर्तमान मैनेजर नितेश चन्द्रा ने सिमरिया थाना में तत्कालीन मैनेजर समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में तत्कालीन मैनेजर कन्हाई कुमार, पिता सहदेव कुमार लारियाडीह पत्थलड़िहा,कोडरमा, सहायक मैनेजर शमशेर उद्दीन पिता सदरुद्दीन, लोधीपुर जिला भागलपुर और कैशियर प्यारी बाखला पति मरियानुस बाखला हड्डियों सिमरिया को गबन का आरोपी बनाया गया है। दर्ज प्राथमिकी में वर्तमान मैनेजर नितेश चन्द्रा ने कहा है कि आॅफिस अकॉउंट से 5 अक्टूबर को 40 लाख रुपये दूसरे के खाते में हस्तांतरित करने के अलावा 6 नवंबर को एक लाख 43 हजार सिक्कों की हेराफेरी की गई है। इसके अलावा भी रुपये की हेराफेरी हुई है। प्राथमिकी में कैशियर प्यारी बाखला पर मैनेजर के आईडी पासवर्ड का इस्तेमाल कर रुपये ट्रांसफर करने का आरोप है। उक्त राशि बैंक केश टीआर खाते से नामे कर शाखा के तत्कालीन अधिकारियों ने कैशियर के मिली भगत से बैंक की राशि अवैध निकासी कर ली गयी है। इस मामले को लेकर खबरें भी प्रकाशित हुईं थीं।

  • प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी की पेड़ से उल्टा लटका कर की गई पटाई

    पलामू की करमा गांव की घटना का विडियो वायरल होने पर रेस हुई पुलिस

    पलामू। नीलांबर पीतांबरपुर प्रखंड के करमा गांव में प्रेमिका से मिलने जा रहे युवक को कुछ युवकों ने पकड़ लिया। पहले उसकी खूब पिटाई की। इसके बाद उसे पेड़ से उल्टा लटका कर फिर से पिटाई की गई। इतना ही नहीं युवकों का दुसाहस कि इस घटना का वीडियो बनाया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर बुधवार की रात वायरल हुआ है। मामला लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के करमा गांव का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लेस्लीगंज थाना पुलिस रेस हो गई है। लेस्लीगंज थाना प्रभारी गौतम कुमार राय ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लिया है। मामले की तहकीकात शुरू कर दी गई है। पीड़ित के घर वालों से संपर्क किया जा रहा है। शिकायत के बाद प्राथमिकी की कार्रवाई भी की जाएगी।

    प्रेमिका से मिलने युवक गया था करमा गांव
    पेड़ से उल्टा लटका कर पिटाई का मामला सतबरवा थाना क्षेत्र के झाबर गांव के एक युवक से जुड़ा है। बताया जाता है कि युवक का लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के करमा गांव की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवक अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। इसी दौरान कई ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और पेड़ से उल्टा लटका कर पिटाई की। साथ ही साथ बाल भी काट दिए। वायरल विडियो में दो युवकों के बाल को ग्रामीण कैंची से काटते नजर आ रहे हैं। पेड़ पर उल्टा लटकाया गया है युवक कराह रहा है। इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के टीकी विडियोज ऐप पर अपलोड किया गया है।

    मामले को दबाने के लिए हुई थी बैठक, पुलिस हुई रेस
    जानकारी के मुताबिक घटना को अंजाम देने के बाद ग्रामीणों की एक बैठक बुलाई गई। इसमें मामले को दबाने की कोशिश की गई। बावजूद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लेस्लीगंज थाना पुलिस पूरी तरह से हरकत में आ गई है।

  • लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी को पुलिस ने हथियार के साथ दबोचा

    साहिबगंज। एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मिर्जा र्चौकी थाने की पुलिस ने लंबे समय से फरार एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। नीमगाछी इलाके से फरार चल रहे अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी की पहचान मंटू यादव के पुत्र पंकज यादव के रूप में हुई है। इसके पास से कट्टा व कारतूस बरामद हुआ है। वह नीमगाछी का ही रहनेवाला है। उसके खिलाफ पहले से भी एक मामला दर्ज है। पंकज यादव की तलाश पुलिस को काफी लंबे समय से थी। मिर्जा र्चौकी थाना प्रभारी अशोक प्रसाद को उसके गांव में ही होने की सूचना मिली। जिसके बाद छापेमारी दल का गठन कर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि पकड़े गये आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में नहीं बताया कि हथियार उसने कहां से लाया गया। एसपी ने बताया कि पुलिस मामले से संबंधित आरोपियों से पूछताछ कर चुकी है।

  • बेटे के जन्मदिन में शामिल होने आये युवक की घर से अगवा कर गोली मारकर हत्या

    चाईबासा। गोईलकेरा के गितिलपी गांव के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि युवक को पहले घर से बुलाया गया। फिर उसे ले जाकर हत्या कर दी गई। यह घटना मंगलवार देर रात की है। जहां देवेन्द्र सुरीन के 28 वर्षीय पुत्र प्रेम सिंह सुरीन की अज्ञात अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। अपराधियों ने प्रेम सुरीन को उसके घर से उठा कर 200 मीटर दूर गोईलकेरा-चाईबासा मुख्य मार्ग पर ले गए। वहां गोली मार कर हत्या कर दी। यह इलाका नक्सल प्रभावित है। ऐसे में घटना के पीछे नक्सलियों के हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात को प्रेम सुरीन अपने बेटे का जन्मदिन मनाने गांव आया था। रात के करीब 9 बजे हथियार लैस चार से पांच लोग घर में घुस गए। घर में मौजूद सभी महिलाओं को एक कमरे मे बंद कर दिया। अपराधी प्रेम सुरीन समेत पांच लोगों को लेकर घर के बाहर निकल गए। प्रेम सुरीन को छोड़ कर अन्य व्यक्तियों को रस्सी से बांध दिया। वही प्रेम सुरीन को घर से 200 मीटर दूर गोईलकेरा- चाईबासा मुख्य सड़क पर ले जाकर गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। प्रेम सुरीन गोईलकेरा से कुईडा होते हुए चाईबासा जाने वाली बस में क्लीनर का काम करता था। गोईलकेरा थाना से घटनास्थल की दूरी लगभग 25 किलोमीटर है।

  • युवक की गोली मारकर हत्या, वर्चस्व और गैंगवार में मर्डर की आशंका

    जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी रूपनगर चौक के पास अपराधियों ने बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान निर्मल नगर निवासी रोहित पासवान के रूप में हुई। जबकि उसका एक साथी हमला के बाद मौके से किसी तरह बचकर भाग निकला। घटना में एक महिला उर्मिला के हाथ में भी गोली लगी। उसे एमजीएम अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मृतक विकास सिंह हेते ग्रुप से जुड़ा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखा, मोबाइल और एक पिस्तौल बरामद किया है। पिस्तौल रोहित पासवान की है या गोली मारने वाले अपराधियों की है। इसकी जांच पुलिस कर रही है। मृतक के पिता कारू पासवान से पुलिस पूछताछ करती रही। वहीं बताया जा रहा कि सोनारी में झाबरी बस्ती, दास बस्ती और निर्मल बस्ती में अलग-अलग गैंग है। जिसमें आपसी वर्चस्व को लेकर हमेशा हत्या, फायरिंग और जानलेवा हमला की वारदात होती रही है। दोमुहानी में जिस युवक की हत्या की गई। वह 2011 में सोनारी के गैंगवार में मारे गए शशि पासवान का रिश्तेदार है। गौरतलब है शशि पासवान की हत्या कर विरोधियों ने शव को दोमुहानी में फेंक दिया था। सोनारी में रविदास, सियाल और विकास सिंह हेते का गैंग सक्रिय है। मृतक हेते ग्रुप का सदस्य रहा है। रोहित पासवान मंगलवार को अपने एक साथी के जन्मदिन पार्टी में शामिल होकर देर रात वापस बाइक से घर लौट रहा था। दोमुहानी रूपनगर चौक के पास उसे अपराधियों ने रोका। इसके बाद उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटनास्थल के पास एक महिला गोली चलने की आवाज सुनकर घर से बाहर निकली। तो एक गोली उसके हाथ में भी लग गई। सोनारी थाना प्रभारी ने बताया रोहित पासवान के साथ कोई था या नहीं इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है।

  • विधानसभा में विपक्ष का जोरदार हंगामा, मनीष जायसवाल ने फाड़ा प्रोसिडिंग, हुए मार्शल आउट

    जेपीएससी अध्यक्ष अमिताभ चौधरी को बर्खास्त करने की मांग पर अड़ा वि‍पक्ष
    रांची। शीतकालीन सत्र के चौथे दिन ध्यानाकर्षण की सूचना देते समय आवेश में आकर भाजपा विधायक मनीष जायसवाल ने सदन के अंदर प्रोसिडिंग पेपर फाड़ दिया। जिसके बाद सत्ता पक्ष ने कार्रवाई की मांग की। स्पीकर ने मनीष जायसवाल को सत्र के बाकी दिन की कार्यवाही में भाग लेने से निलंबित कर दिया। मनीष जायसवाल के सदन से निलंबन के बाद भाजपा के सभी विधायक विरोध करने लगे। सभी भाजपा विधायक सदन के अंदर प्रोसिडिंग पेपर फाड़ने लगे। साथ ही भाजपा के सारे विधायक नारेबाजी करने लगे कि
    मनीष जायसवाल के निलंबन को स्पीकर वापस लें।
    वहीं संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने भाजपा के सभी विधायकों पर कार्रवाई की मांग की। मनीष जायसवाल स्पीकर के आदेश के बाद भी सदन से बाहर नहीं गए तो स्पीकर ने मार्शल को आदेश दिया कि विधायक को मार्शल आउट करें। सभी मार्शल विधायक को सदन से बाहर करने लगे तो इस दौरान मनीष जायसवाल और मार्शल के बीच नोकझोंक भी हुई। मनीष जायसवाल को सदन से निलंबित किये जाने पर भाजपा विधायक सीपी सिंह ने स्पीकर से कहा कि सदन की शुरूआत होते ही संसदीय कार्य मंत्री ने हमारे विधायक को निलंबित करने की मांग की। इस पर आपने हमारे विधायक को निलंबित कर दिया।
    विधानसभा में आज भाजपा विधायक आसन के समक्ष धरना पर बैठ गए थे। विधायक जेपीएससी की पीटी परीक्षा रद करने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि जेपीएससी के अध्यक्ष अमिताभ चौधरी को राज्‍य सरकार बर्खास्त करे। मालूम हो कि मुख्‍यमंत्री पिछले दिनों सदन को बता चुके हैं कि जेपीएससी परीक्षा में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। इसल‍िए परीक्षा रद नहीं होगी। जेपीएससी अध्‍यक्ष ने भी घोषणा कर दी है कि 28 से 30 जनवरी 2022 तक मुख्‍य परीक्षा होगी। विपक्ष ‍पिछले चार दिनों से जेपीएससी परीक्षा रद करने की मांग पर अड़ा है। हर दिन इसको लेकर सदन में हंगामा हो रहा है।
    आप लोकतंत्र भंग करना चाहते हैं : स्पीकर
    नाराज स्पीकर ने कहा कि आप विधानसभा के वेल में भी बैठते हैं, सवाल भी करते हैं, जवाब भी नहीं सुनना चाहते हैं, हल्ला भी करते हैं और कहते हैं कि विधानसभा पर भरोसा भी नहीं है। इसका मतलब साफ है कि आप लोकतंत्र की व्यवस्था को भंग करना चाहते हैं। लोकतंत्र पर आपका भरोसा नहीं है।
    सरयू राय के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने दिया भ्रामक जवाब
    रांची। विधायक सरयू राय ने स्वास्थ्य मंत्री से फरवरी 2020 से जुलाई 2020 के बीच राज्य के सूचीबद्ध अस्पतालों के संबंध में जानकारी मांगी थी, जिन्हें मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत सूचीबद्ध किया गया है। उन्होंने कहा था कि उक्त अवधि में ब्रह्मानंद अस्पताल उक्त योजना के तहत सूचीबद्ध नहीं था। लेकिन उसे सरकार ने योजना का लाभ प्रदान कर दिया। इस मामले में सरयू राय स्वास्थ्य मंत्री के जवाब से संतुष्ट नहीं थे। स्पीकर ने मंत्री को 21 दिसंबर को पुन: जवाब देने का निर्देश दिया था। आज जब सरयू ने दोबारा सवाल उठाया तो स्पीकर ने मंत्री से पूछा। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वीकार कर लिया कि उन्होंने जो जवाब दिया था, वह भ्रामक था। इस पर स्पीकर ने बन्ना गुप्ता को नसीहत दी कि वह पहले विभागीय अधिकारियों से बात करें। उसके बाद ही सही उत्तर सदन में दें।

  • एमवीआइ ने आय से पांच गुना अधिक कमाई दौलत, पटना, औरंगाबाद, रोहतास और रांची में ईओयू का छापा


    बिहार और झारखंड के शहरों में इओयू का छापा

    पटना। बिहार में बालू के अवैध खनन से दौलत कमाने वाले अफसरों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पिछले दो महीने से आइपीएस अफसर से लेकर बिहार प्रशासनिक और पुलिस सेवा, परिवहन विभाग और राजस्‍व विभाग के अफसरों के खिलाफ छापेमारी से लेकर प्राथमिकी दर्ज करने और निलंबन तक की कार्रवाई हुई है। ताजा खबर यह है कि बालू के धंधे से अवैध कमाई करने वाले दो सरकारी सेवकों के खिलाफ बिहार और झारखंड के कम से कम चार शहरों में अलग-अलग ठिकानों पर आर्थिक अपराध अनुसंधान ईकाई (ईओयू) का छापा पड़ गया है। ईओयू की टीम ने मंगलवार की सुबह बिहार की राजधानी पटना, झारखंड की राजधानी रांची के साथ ही औरंगाबाद और रोहतास में भी छापा मारा है।

    पटना के डीटीओ और बिक्रम के सीओ के खिलाफ कार्रवाई

    मिली जानकारी के अनुसार बालू के अवैध खनन मामले में दो अफसरों के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी जारी है। पटना के तत्कालीन एमवीआइ मृत्युंजय कुमार सिंह और बिक्रम के अंचलाधिकारी वकील प्रसाद सिंह के ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। इन अफसरों के रिश्‍तेदार भी कार्रवाई की जद में आए हैं। दोनों अफसरों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एमवीआइ मृत्युंजय कुमार सिंह के पास ज्ञात स्रोत से 500 प्रतिशत से अधिक जबकि सीओ वकील प्रसाद सिंह के पास 84 प्रतिशत से अधिक आय मिलने के प्रमाण अब तक की जांच में हाथ लगे हैं।

    इन परिसरों की ली जा रही तलाशी

    पटना जिले के बिक्रम प्रखंड के सीओ रहे वकील प्रसाद सिंह के तीन ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। उनकी संपत्‍त‍ि की जांच के लिए पटना (दानापुर) के गोला रोड स्थित सूर्य चंद्र विहार अपार्टमेंट के फ्लैट 202 और रोहतास के बड़डी थाना क्षेत्र के मझुई गांव में छापेमारी हो रही है। इसी तरह पटना के पूर्व एमवीआइ मृत्युंजय कुमार के पटना के गोला रोड के फामेर्सी कालोनी स्थित आरके सदन अपार्टमेंट के फ्लैट में, औरंगाबाद के गोह थानाक्षेत्र के गोलापर गांव स्थित पैतृक गांव और डीटीओ के साले श्रीकांत के रांची के रातू रोड स्थित दो आवासीय परिसर की तलाशी ली जा रही है।

  • वैट की दर 5% कम करने की मांग को लेकर बंद रहे राज्य के पेट्रोल पंप

    सुबह 6 से शाम 6 बजे तक 12 घंटें का किया गया है हड़ताल का अह्वान
    सरकारी विभागों का 35 से 40 करोड़ का बकाया की मांग कर रहे है संचालक

    रांची। पेट्रोल और डीजल में वैट कम करने की मांग को लेकर झारखंड पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के अह्वान में आज पेट्रोल पंप बंद रहे। 12 घंटे के हड़ताल के मद्देनजर आज सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक पेट्रोल पंपों पर ताला लटका रहा। इस दौरान डीजल, पेट्रोल और सीएनजी गैस की खरीद बिक्री नहीं हो सकी। झारखंड पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि हड़ताल शाम 6 बजे के बाद समाप्त हो जाएगा। इसके बाद पेट्रोल पंप लोगों के लिए खो दिया जाएगा। एक दिन के हड़ताल से सरकार को लगभग 10 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। अशोक सिंह ने बातचीत में बताया कि एसोसिएशन पिछले 15 दिनों से सरकार से राज्य में वैट कम करने की मांग कर रहा है। इससे सरकार को भी फायदा होगा लेकिन सरकार की तरफ से अभी तक इसक पर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है। हड़ताल के कारण राजधानी रांची में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल-डीजल के लिए एक पेट्रोल पंप से दूसरे पेट्रोल पंप का चक्कर लगा रहे हैं। इसका खामियाजा यात्री वाहनों के साथ मालवाहक वाहनों पर भी पड़ रहा है। हालांकि बंदी के मद्देनजर बड़ी संख्या में लोगों ने सोमवार शाम को अपनी जरूरत का तेल भरवा लिया था। इसके कारण शाम को ही पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई थी। एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक सिंह राज्य में वैट में 5% घटाकर 22 से 17% करने की मांग कर रहे हैं। इनका कहना है कि बंगाल और बिहार में वैट 17% से कम है। इसके कारण राज्य के बड़े ग्राहक यहां शिफ्ट हो गए हैं। ऐसा करने से वे वापस अपने राज्य में आ सकते हैं। अशोक सिंह ने बताया कि विभिन्न विभागों का लगभग 35-40 करोड़ रुपए का बकाया है। ये 3-4 महीने पुराना है। इसका अविलंब भुगतान किया जाए। इसके साथ ही बकाया भुगतान का एक रुटीन फिक्स कर दिया जाए। कि 15 दिन के अंदर भुगतान कर दिया जाएगा। अगर इससे ज्यादा देरी होती है तो बैंक से लगने वाले चार्ज का भुगतान भी विभाग करेगा। इसके साथ ही ये मिलावटों तेलों का राज्य में बिक्री का भी विरोध कर रहे हैं।

    एसोसिएशन का कहना है कि वैट कम करने के बाद सरकार को डीजल पर हर साल घाटे की जगह 646.20 करोड़ रुपए का फायदा होगा।

  • आदिवासियों के बीच जाकर आजीविका पर बात करना चाहते : डॉ जोसफ

    जेवियर जेवियर समाज सेवा संसथान में संवाद कार्यक्रम का किया गया आयोजन
    रांची। जेवियर जेवियर समाज सेवा संसथान (एक्सआईएसएस) में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें संस्थान की ओर से मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की गई। एक्सआईएसएस के निदेशक डॉ जोसफ मरियानुस कुजूर ने बताया कि एक्सआईएसएस विजन 2025 के अनुसार संस्थान हम न केवल अकादमिक कठोरता पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। बल्कि कई निगमों के साथ भी सहयोग करना चाहते हैं। हम यह भी चाहते हैं कि छात्र विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में पहल करें। हम लोगों तक पहुंचना चाहते हैं और आदिवासी क्षेत्रों में आजीविका, प्रवास और जलवायु परिवर्तन के बारे में बात करना चाहते हैं। सहायक निदेशक डॉ प्रदीप केरकेट्टा ने पूरे समय संस्थान के साथ रहने के लिए मीडिया को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आपको यहां बुलाना और क्रिसमस की खुशी आपके साथ साझा करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। अगर आप हमारे साथ इस खुशी के पल में रहेंगे तो हमें और भी खुशी होगी। पूर्व छात्रों के संबंधों को विस्तृत करने के लिए पूछे जाने पर डॉ अमर तिग्गा ने कहा कि हम उनसे जुड़ने में सक्षम हैं। कॉरपोरेट जगत के सैद्धांतिक और व्यावहारिक पहलुओं पर अंतर्दृष्टि देते हैं। उन्होंने इस आयोजन के आयोजन और मार्गदर्शन के लिए आॅब्स्कुरा टीम को धन्यवाद भी दिया। कार्यक्रम में आयुर्षि सहाय, ब्रांडिंग अधिकारी और श्रुति सहाय, सहायक अधिकारी मीडिया सेल एक्सआईएसएस की भी उपस्थित थे।

  • झारखंड इंडिपेंडेंट स्कूल अलायंस का चार सूत्री मांगों को लेकर धरना

    8वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के छात्रों को शामिल करने की मांग

    रांची। राज्य के गैर मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों का संगठन झारखंड इंडिपेंडेंट स्कूल अलायंस (जीसा) के तत्वावधान में चार सूत्री मांगों को लेकर आज विधानसभा के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता जिसा के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश वर्मा ने कहा कि राज्य के सभी निजी विद्यालयों को लॉकडाउन की अवधि में कई प्रकार के संकटों का सामना करना पड़ा है। सूबे में संचालित लगभग 15 हजार निजी स्कूलों में अध्ययनरत छात्रों की पढ़ाई भी बाधित हुई है। इन स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों, कर्मचारियों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। लगभग 22 महीने से बंद पड़े निजी विद्यालयों को छोड़कर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अवस्थित छोटे स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब एवं मध्यम वर्ग के बच्चों के अभिभावक उक्त अवधि में शैक्षणिक शुल्क देने की स्थिति में भी नहीं रहे हैं। काफी कम मासिक शुल्क देकर अपने बच्चों को पढ़ाने वाले अभिभावकों के सहयोग से ही इन गैर मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के कर्मियों का वेतन और मानदेय दिया जाता है। श्री वर्मा ने कहा कि 22 महीनों से स्कूल बंद होने के कारण इस स्कूलों में शिक्षण शुल्क पूर्णत: बंद है। जिससे स्कूल संचालकों की परेशानियां बढ़ गई है। सारे विद्यालय लगभग बंद पड़े हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में 16 अगस्त 2021 से ही कक्षा एक से आठवीं तक की पढ़ाई शुरू कर दी गई है। वहीं, झारखंड में अभी भी सिर्फ कक्षा 6 से 8 तक के संचालन की अनुमति है। निचली कक्षाओं का संचालन अभी भी बंद है। इसका अत्याधिक प्रभाव गरीब एवं मध्यम वर्गीय बच्चों के शैक्षणिक विकास पर भी पड़ रहा है। धरना में सैयद अंसार उल्लाह, मो महताब अंसारी, गुलाम गौस, दिलीप कुमार, अजय श्रीवास्तव, दिनेश साहू, प्रवीण दुबे, अनिल कुमार, जीवन कुमार, इला रानी पाठक, वरुण कुमार राय, आनंद कुमार, अक्षय प्रसाद सिंह, मो उस्मान, मसूद कच्छी, विनोद भगत, प्रभु दयाल, मुन्ना कुमार, देवेंद्र कुमार, प्रभात कुमार सहित काफी संख्या में प्राइवेट स्कूलों के संचालक व शिक्षकगण शामिल हुए।

  • प्रभु हमें सभी से प्रेम करना सिखाते हैं, उसी प्रेम को बांटना है : विशप थियोडोर

    वाईएमसीए पब्लिक स्कूल धुर्वा में बच्चों के साथ मनाया गया क्रिसमस गैदरिंग

    रांची। वाईएमसीए पब्लिक स्कूल धुर्वा में अनाथ, दिव्यांग, ब्लाइंड एवं गरीब बच्चों के बीच क्रिसमस गैदरिंग मनाया गया। कार्यक्रम की शुरूआत रांची महाधर्मप्रांत के बिशप थियोडोर मास्करेंहास के द्वारा छोटी प्रार्थना के साथ किया गया। उन्होंने क्रिसमस संदेश के रूप में कहा कि एक ऐसा बालक जो 2000 वर्ष पहले जन्म लिया और आज भी पूरी दुनिया उनका जन्मदिन मनाती है कुछ तो बात होगी उनमें। उन्होंने कहा कि प्रभु हमे सभी से प्रेम करना सिखाते हैं, उसी प्रेम को हमे सभों में बांटना है। कार्यक्रम में मेहमान के रूप में डीआइजी बी के टोप्पो, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि के रूप में अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष इबरार अहमद, महावीर मंडल के अध्यक्ष जय सिंह यादव, राजू सिंह, राजकुमार नागवंसी, पास्टर माइकल कच्छप, राकेश पॉल, पवन चौधरी, धरमू नायक और मनोज नायक उपस्तिथ थे । इस दौरान कोइच्छा एकता, याहवा सालोम, ब्रम्बे बच्चों, डॉल ग्रुप और अन्य ग्रुप की ओर से सुंदर-सुंदर नृत्य एवम क्रिसमस गीतों को प्रस्तुत किया गया। बीच-बीच में संदेश भी दिया गया। रांची महाधर्मप्रांत की ओर से उपहार के रूप में सभी 345 बच्चों को कंबल प्रदान किया गया। कर्यक्रम के मुख्य संयोजक प्रयास हमारा के अध्यक्ष सजित टोप्पो, पीएस सांगा, डॉ जॉनसन, जेसीवाई के महासचिव विकास तिर्की, कार्यकारी अध्यक्ष अल्बिन लकड़ा, केंद्रीय अध्यक्ष कुलदीप तिर्की, रवि प्रभाकर, रवि, अभय और जेवियर आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंच का संचालन मानसी तिग्गा ने किया।

  • कूपन नदी के पुल के नीचे तैरती मिली लाश, परिजनों को हत्या की आशंका

    जमशेदपुर। चाकुलिया में पुल के नीचे से एक शव बरामद किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि उस व्यक्ति की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया है। शरीर पर जख्म के निशान दिखाई दे रहे हैं। मरने वाले व्यक्ति की पहचान मिश्रीकांटा निवासी 45 वर्षीय दुबराज टुडू के रूप में की गई है। सूचना मिलने के बाद चाकुलिया थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि जुगीतोपा पंचायत के तलपाल गांव में पुल के नीचे कूपन नदी (खाल) में आज सुबह एक व्यक्ति का शव देखा गया। लाश की पहचान होने पर लोगों ने इसकी जानकारी परिजन को दी। बेटे ने पहले घटनास्थल पर पहुंच कर पिता की शिनाख्त की। इसके बाद घर जाकर मां और परिवार के दूसरे सदस्यों को इस बारे में जानकारी दी। मौके पर पहुंचे थाने के रक जयकांत राय, अभय सिंह, अरक राम भंडारी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पत्नी पानो टुडू ने बताया कि सोमवार की शाम पति आॅटो में सवार गांव के दूसरे लोगों के साथ जोडाम हाट गया था। देर रात तक वह वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने गांव के दूसरे लोगों से पूछताछ की। आॅटो चालक ने बताया कि बाजार से लौटने के दौरान वह रास्ते में ही उतर गया। बाजार में खरीदी गई सामग्री उसने दूसरे ग्रामीण के हाथ से घर भेज दी थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घर लौटने के दौरान रास्ते में उतरने की कहानी किसी षडयंत्र का हिस्सा है। यह पूरी तरह हत्या का मामला है। पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए। मरने वाला व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ राजमिस्त्री का काम करता था। पत्नी के अलावा उसके दो बेटे और एक बेटी थी। पुलिस ने पूरे मामले की पड़ताल शुरू की गई है। शव के पास से कुछ कपड़े बरामद किए गए हैं।

  • दो बाइक की टक्कर में एक युवकी की दर्दनाक मौत, एक महीने पहले हुई थी शादी

    तीन घायलों को चल रहा है इलाज, घटना लोकाई स्थित गोसाई टोला के पास घटी
    कोडरमा। लोकाई स्थित गोसाई टोला के पास रात को दो बाइक आपस में टकरा गया। टक्कर में बुलेट सवार एक युवक की वहीं मौत हो गई। मृतक की पहचान सिद्धार्थ कुमार सिंह (28 वर्ष, पिता स्वर्गीय संतोष कुमार, गांधी स्कूल रोड, झुमरीतिलैया) के रूप में हुई है। जबकि घायलों की पहचान मंटू विश्वकर्मा (उम्र 20 वर्ष, पिता स्वर्गीय युवराज विश्वकर्मा) और मिथिलेश विश्वकर्मा (उम्र 26 वर्ष, पिता स्वर्गीय गोपाल राणा) दोनों जलवाबाद, कोडरमा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक सिद्धार्थ अपनी बुलेट से डोमचांच से तिलैया के लिए जा रहा था। इसी दौरान लोकाई के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो जाने से तीनों घायल हो गए। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से सभी को कोडरमा सदर अस्पताल लाया गया। जहां सिद्धार्थ कुमार सिंह को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 2 घायलों का इलाज चल रहा है। मृतक सिद्धार्थ के पिता की झुमरीतिलैया में अखबार की एजेंसी थी और कई साल पहले उनकी भी सड़क हादसे में मौत हुई थी। जानकारी के अनुसार मृतक युवक की एक महीना पहले ही शादी हुई थी। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है।

  • नेशनल संताल लिबरेशन आर्मी का डिप्टी कमांडर इन चीफ असम से गिरफ्तार

    लखीराम हेंब्रम की झारखंड और असम पुलिस को थी लंबे समय से तलाश

    साहिबगंज। नेशनल संताल लिबरेशन आर्मी के डिप्टी कमांडर इन चीफ लखीराम हेंब्रम उर्फ एडमिन सिंह सोरेन उर्फ रेडो सिंह उर्फ सोनी राम को पुलिस ने असम से गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से असम के केचुआगांव थाना क्षेत्र के पाथोरबाड़ी का निवासी है। साहिबगंज के मिर्जाचौकी, बोरियो व गोड्डा के महागामा को भी उसने अपना अस्थायी ठिकाना बनाया था। बरहड़वा के पुलिस निरीक्षक कुलदीप कुमार व उनकी टीम ने उसे गिरफ्तार किया है। साहिबगंज एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि लखीराम बेहद शातिर है। वह भिन्न-भिन्न जगहों पर अपना परिचय भी अलग-अलग नाम से देता था। बोरियो थाना क्षेत्र से अपहृत अनाज कारोबारी अरुण कुमार साह व बरहेट थाना के सहायक अवर निरीक्षक चंद्राय सोरेन की हत्या के मामले में वह आरोपित था। तभी से पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस को भनक लगी थी कि इन दिनों असम के कोकराझार जिले के रंगियाघुटु में रह रहा है। तब इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम वहां भेजी गई। सूचना सटीक थी, वह गिरफ्तार कर लिया गया। अरुण साह की अपहरण के बाद हत्या के पीछे नेशनल संताल लिबरेशन आर्मी का हाथ सामने आया था। साह को रिहा कराने गई पुलिस टीम पर भी आर्मी के सदस्यों ने हमला किया था। उसी दौरान टीम के सदस्य एएसआइ चंद्राय सोरेन को गोली लगी थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। नेशनल संताल लिबरेशन आर्मी के सरगना रोहित मुर्मू सहित गिरोह के 12 लोगों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

  • दुमका के डिप्टी कमांडेंट नरपत सिंह समेत 4 जवानों को मिला गैलेंट्री अवार्ड

    दुमका। एसएसबी के 58 वें स्थापना दिवस के अवसर पर दिल्ली हेडक्वार्टर में आयोजित समारोह में 35वीं बटालियन(दुमका) के डिप्टी कमांडेंट नरपत सिंह सहित चार जवानों को गैलेंट्री अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह गैलेंट्री अवार्ड केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशिथ प्रामाणिक ने उन्हें प्रदान किया। नक्सलियों के खिलाफ चलायी गयी मुहिम में इन्होंने अद्भुत साहस और शौर्य का परिचय दिया था। 35वीं बटालियन के सेकेंड इन कमान सतीश कुमार ने बताया कि दुमका के गोपीकांदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कछुआकांदर में जुलाई 2018 में नक्सलियों से मुठभेड़ हुई थी. इस मुठभेड़ के दौरान डिप्टी कमांडेंट नरपत सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप, भीम सिंह और गणेश सिंह राणा ने अद्भुत साहस और शौर्य का परिचय दिया था। इस कारण इन चारों को गैलेंट्री अवार्ड देने की घोषणा 2020 में ही हुई थी। दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित समारोह में चारों को मेडल प्रदान किया गया। 35वीं बटालियन के सेकेंड इन कमान सतीश कुमार ने बताया कि वर्ष 2013 में एसएसबी की 35वीं बटालियन की दुमका में तैनाती के बाद नक्सलियों के खिलाफ कई आॅपरेशन चलाये गए। जिससे इस क्षेत्र में नक्सलियों का करीब सफाया हो चुका है। वहीं 35वीं बटालियन के विजयपुर स्थित मुख्यालय में स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने कहा कि एसएसबी की इस क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलायी गयी मुहिम काफी सराहनीय रही है।