श्रेणी: Lead News

  • पेड़ से अपने आप टपक रहा पानी ,लोग मान रहे दैवीय चमत्कार

    (हजारीबाग) जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर सिलवार गांव स्थित जगन्नाथ धाम मंदिर के निकट अवस्थित एक अकवन का पेड़ इन दिनों आस्था, श्रद्धा और आश्चर्य का केन्द्र बना हुआ है । दरअसल हजारीबाग के सिलवार स्थित जगन्नाथ धाम के निकट अवस्थित अकवन के पेड़ से पिछले पांच छः दिनों से लगातार पानी टपक रहा है । स्थानीय लोग इसे भगवान का चमत्कार मानकर इस पेड़ की पूजा पाठ मे जुट गये हैं । स्थानीय लोगो का कहना है कि वर्षो से यह पेड़ यहां पर है लेकिन पहले ऐसा कभी नहीं हुआ अचानक से पांच छः दिन पहले से पेड़ से पानी टपकने लगा , पेड़ से टपक रहे पानी को लोग प्रसाद समझकर श्रद्धापूर्वक ओर कई बीमारी का इलाजरत दावा समझ कर भी ग्रहण कर रहे हैं । ओर ये खबर जंगल की आग की तरह फैल गयी । यंहा पर लोग दूरदराज से भी अब दर्शन के लिए पहुंचने लगे है । यह कोई चमत्कार है या इसके पीछे कोई वैज्ञानिक कारण है यह तो जांच का विषय है । हमलोगों ने इस विषय पर जब इंटरनेट पर पर सर्च किया तो पता चला कि सभी पेड़ों में दो प्रकार के टिशु होते हैं। एक फलोइम, जोकि पेड़ के सभी भागों में संतुलित भोजन पहुंचाता है और दूसरा टिशू होता है जाइलम । जोकि पेड़ की जड़ों में से पानी को बाकी हिस्से में पहुंचाता है । यदि जाइलम टिशू में कोई खराबी हो जाती है तो यह टिशू धरती में से अधिक मात्रा में पानी खींचने लग जाता है। इससे उस पेड़ के तने के फटने से कोई गड्ढा सा बन जाता है जहां से यह पानी रूपी द्रव्य निकलने लगता है और लोग इस चमत्कार समझने लगते हैं । पूरी जानकारी लिए बिना ऐसे द्रव्य का सेवन नहीं करना चाहिए अन्यथा यह नुकसान भी कर सकता है । लेकिन फिलहाल लोग इसे ईश्वरीय चमत्कार मान वहां पूजा पाठ प्रारंभ कर दिये हैं।

  • धरम या धंधा, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा चास में हो रहा है बड़ा फर्जीवाड़ा एक वरिष्ठ आईपीएस की शह पर फर्जी लोग कर रहे हैं खेल


    गांडीव खुलासा
    बोकारो। बोकारो के चास स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में धर्म के नाम पर धंधा का बड़ा खेल सामने आया है। यह खेल पिछले दस सालों से खेला जा रहा है। सारे नियम कानून को ताक पर रखकर एक गुट फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी कागजों के सहारे गुरुद्वारा कमेटी पर कब्जे की कोशिश में जुटा है। इस फर्जी गुट को राज्य के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी का खुला समर्थन है, जिसकी शह पर यहां नंगा नाच चल रहा है। गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा पूर्व में आईपीएस के पिता पर लगाये गये अवैध निकासी के आरोप के खुंदक में संबंधित पदाधिकारी फर्जी कमेटी के लोगों को प्रशासनिक सपोर्ट देकर उनके फर्जीवाड़े का समर्थन किया जा रहा है।

    क्या है मामला
    गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा चास का पूर्व में जो कमेटी संचालन करती थी, उसे अपदस्थ करने के लिए अपराधिक षडयंत्र रचा गया। पूर्व कमेटी के अध्यक्ष हरभजन सिंह दोसांध और कोषाध्यक्ष रघुवीर सिंह का जाली हस्ताक्षर कर फर्जी तरीके से इस संस्था का निबंधन करवा लिया गया। इसके लिए आवश्यक जेनरल बॉडी की मीटिंग तक नहीं बुलाई गयी। इस फर्जीवाड़े का आरोप नयी कमेटी के स्वयंभू महासचिव भवनीत सिंह बिन्द्रा और कुछ अन्य लोगों पर लगा।
    जांच में मिला फर्जीवाड़ा
    जब फर्जी तरीके से गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के निबंधन की जानकारी समाज के लोगों को हुई तो उन्होंने इसकी जांच के लिए उपायुक्त को आवेदन दिया। बोकारो की तत्कालीन कार्यपालक दंडाधिकारी अर्चना मेहता और महावीर सिंह ने दो-दो बार पूरे प्रकरण की स्थलीय जांच कर अपनी रिपोर्ट में पदाधिकारियों के जाली हस्ताक्षर का उल्लेख करते हुए इस फर्जीवाड़े को उजागर किया तथा संस्था के निबंधन को रद्द करने की अनुशंसा की।
    रजिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने रद्द कर दिया निबंधन
    जाली हस्ताक्षर और अन्य आरोपों के मद्देनजर जब रजिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने बोकारो उपायुक्त से जांच रिपोर्ट मांगी तो तत्कालीन उपायुक्त ने कार्यपालक दंडाधिकारियों की जांच रिपोर्ट को संलग्न करते हुए फर्जीवाड़े की पुष्टि करते हुए अपनी रिपोर्ट विभाग को भेज दी। डीसी की रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन निबंधन महानिरीक्षक केके खंडेलवाल ने 24 जुलाई 2013 को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा का निबंधन (संख्या- 1008/2011-12) रद्द कर दिया।

  • रांची – दोहरे हत्याकांड का हत्यारा निकला खुद का होने वाला दामाद

    खाने में बेहोशी की दवा मिलाकर की हत्या

    रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित शिवालिक होटल में दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिराफ्तार कर लिया है. आरोपी का नाम चंदन प्रसाद है जो की मृतक का होने वाला दामाद बताया जा रहा है.

    हालांकि न्यूज़ विंग ने कल देर रात ही इस मामले को खुलासा करते हुए बता दिया था कि उसके दामाद ने ही खाने में बेहोशी की दवा मिलाकर बाप और बेटे को बेहोश कर दिया था. उसके बाद चंदन ने गला रेत कर दोनो की हत्या कर दी. रांची पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरोपी चंदन प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी चंदन के रूम से चाकू और खून से लथपथ कपड़ा मिला

    चुटिया के शिवालिक होटल में पिता और पुत्र की हत्या के बाद होने वाले दामाद चंदन से पुलिस पूछताछ कर रही है. मृतक के परिवार वालों ने चंदन पर आरोप लगाया था कि नौकरी दिलाने के नाम पर पैसों की ठगी करता है. होने वाले ससुर नागेश्वर मेहता से एक लाख साठ हजार की ठगी की थी. वहीं नागेश्वर मेहता के रिश्तेदार अशोक मेहता से रिम्स में नौकरी दिलाने के नाम पर 60 हजार की ठगी की थी.

  • 27 लावारिस लाशों को मुक्ति ने दिलाई मुक्ति

    मुक्ति संस्था ने जुमार के किनारे किया सामूहिक अंतिम संस्कार
    संस्था के प्रयास से अब तक 1344 शवों को मिली मोक्ष

    रांची। मुक्ति संस्था ने आज दोपहर को जुमार नदी के तट पर 27 लावारिस शवों का अंतिम संस्कार किया। जुमार नदी घाट पर पूरे विधि विधान से सामूहिक चिता सजाई गई और मंत्रोच्चार के बीच शवों का अंतिम संस्कार किया गया। पिछले 7 साल से यह संस्था लावारिश शवों का अंतिम संस्कार कर रही है। अबतक 1344 लावारिश शवों का अंतिम संस्कार किया जा चुका है। यह सभी शव रिम्स के शव गृह में रखी हुई थी। जिन पर एक महीने में किसी भी परिजन ने दावा पेश नहीं किया। शवों के अंतिम संस्कार के लिए नगर निगम ने लकड़ी उपलब्ध करायी है। मुक्ति संस्था के संस्थापक प्रवीण लोहिया ने 27 लावारिस शवों की सामूहिक चीता सजाकर उन्हें मुखाग्नि प्रदान की। जबकि अंतिम अरदास परमजीत सिंह टिंकू ने किया। शवों को जुमार नदी के तट पर लाने में नगर निगम का सहयोग रहा। शवों के अंति संस्कार के दौरान पंकज मिद्धा, पंकज खीरवाल, हरीश नागपाल, रवि अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, आशीष भाटिया, अरुण कूरटीयार, संदीप पापनेज, सुनील अग्रवाल, अमरजीत गिरधर, आदित्य रजगड़िया, राहुल जायसवाल, केसी चौधरी, राजेश विजयवर्गीय, सुमित अग्रवाल, उज्ज्वल जैन, संदीप कुमार, विकास सिंघानिया, प्रमोद सारस्वत, नीरज खेतान, रोहित पोद्दार, बलबीर जैन और अमित अग्रवाल उपस्थित थे।

  • आदित्यपुर में ट्रिपल मर्डर : गोली मारकर तीन युवकों की हत्या, क्षेत्र में तनाव सतबहिनी दुर्गा पूजा मैदान में पार्टी कर रहे थे तीनों, शेरू और छोटू यादव पर आरोप

    सरायकेला। पुलिस से बेखौफ अपराधियों ने दुसाहस का परिचय देते हुए आदित्यपुर थाना क्षेत्र में ट्रिपल मर्डर की घटना का अंजाम दिया।

    आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबहिनी दुर्गा पूजा मैदान में अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर तीन युवक की गोली मार कर हत्या कर दी। गोली बारी में दो युवक की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मंगलवार देर रात घटी इस घटना में मृतकों की पहचान आशीष गोराई, राजू गोराई और सुबीर चटर्जी के रूप में हुई है। मृतक राजू भाई के भाई किशन गोराई ने बताया कि सभी लड़के सतबहिनी दुर्गा पूजा मैदान में पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान बोलेरो पर सवार होकर अपराधी पहुंचे और उनपर अंंधाधुंध फायरिंग करने लगे। जिससे तीनों के शरीर में गोली लगी और उनकी मौत हो गई। परिजनों ने शेरू और छोटू यादव नामक युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। आदित्यपुर एसडीपीओ हरविंदर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि अपराधियों की पहचान और धरपकड़ के लिए छापामारी की जा रही है। हम जांच कर रहे हैं कि घटना के पीछे कौन है। हम कुछ विश्वसनीय जानकारी मिलने के बाद ही कुछ और साझा कर पाएंगे। जानकारी के अनुसार तीनों मृतक सतबहिनी पूजा मैदान में पार्टी कर रहे थे। जहां अपराधियों ने गोली मार कर तीनों युवकों को मौत के घाट उतार दिया।

    दो दिन पहले हुआ था विवाद
    प्रत्यक्षदर्शी किशन ने बताया कि वो लोग सतबहिनी मैदान में पार्टी कर रहे थे। तभी नई बोलेरो में छोटू यादव, शेरू और अन्य तीन-चार लोग पहुंचे। सभी के पास बंदूक थी। आशीष को गन प्वाइंट पर लिया। इसी बीच राजू और सुबीर उसे बचाने पहुंचे। छोटू ने पहले आशीष को गोली मारी और फिर राजू और सुबीर को। इस बीच उसके साथ आए अन्य लोगों ने भी फायरिंग शुरू कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभीमौके से फरार हो गए। किशन ने बताया कि छोटू और आशीष के बीच दो दिनों पूर्व विवाद हुआ था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • मेहरबानियां….नीरज सिंह को DMO ने दे दी 8 से ज्यादा स्टोन माइंस

    सभी आवंटन वर्ष 2016 से लेकर वर्ष 2018 मार्च तक, कपंनी पर दर्ज है लाखों के ठगी केस

    रांची। माइनिंग को लेकर ईडी द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों के डीएमओ से लगातार पूछताछ की जा रही है।

    ईडी गलत तरीके से माइनिंग लीज देने में डीएमओ और अन्य अधिकारियों की भूमिका खंगाल रही है। इसी बीच गांडीव को सूचना मिली है कि रांची में भी वर्ष 2016 से मार्च 2018 के बीच जिला खनन विभाग द्वारा एक ही व्यक्ति को आठ स्टोन माइंस का लीज दिया गया। आठ से अधिक लीज लेने वाले व्यक्ति का नाम है नीरज कुमार सिंह जो मूल रूप से पटना के रहने वाले है। फिलहाल उनका ठिकाना नामकुम के वीनंदिनी अपार्टमेंट के बी ब्लॉक में है। इसका स्थायी पता भेजपुर हाउस पटना है। नीरज कुमार सिंह जेपीएल इंटरप्राइजेज के नाम से कंपनी चलाते है। पटना के रहने वाले नीरज कुमार सिंह ने वर्ष 2016 से 2018 के बीच एक पूर्व आईपीएस के नाम का धौंस दिखाकर सभी लीज अपने नाम से करवाया है। पूर्व आईपीएस के धौंस का ही असर था कि 17 नवंबर 2016 को एक ही दिन में नामकुम में दो माइंस और इसके अगले दिन फिर एक माइंस नामकुम में ही दे दिया गया। बताया जाता है कि वह अपने पास माइंस होने का नाम पर कई व्यापारियों को पार्टनर बनाने का झांसा देकर लाखों की ठगी कर चुका है। खान एवं भूतत्व विभाग के संज्ञान में आने के बाद विभाग की ओर से सचिव ने जेपीएल इंटरप्राइजेज को आवंटित खदानों की जांच कराने का निर्णय लिया है। खान निदेशक अमित कुमार ने कहा कि कैसे एक ही व्यक्ति को आठ से अधिक स्टोन माइंस आवंटित किये गये। किसके कहने पर दिये गये। इसको लेकर जल्द ही जिला खनन पदािधकारी रांची से रिपोर्ट मंगाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    मात्र एक माइंस है आपरेशनल, बाकी सब है बंद
    यह खदान 2016 से मार्च 2018 के बीच दिए गए। इसमें से एक ही खदान अभी आपरेशनल है। बाकी के काम अभी बंद है। यह जांच का विषय है कि कैसे इस व्यक्ति को बगैर किसी के्रडेंशियल के राज्य सरकार ने आठ से अधिक पत्थर के खदान आवंटित कर दिए गए है।

    आनर और पार्टनर पर लालपुर थाना में दर्ज है ठगी का केस
    पिछले दिनों जेएएस एसोसिएट्स के पार्टनर जय शंकर कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डु एवं अमीत आशीष उर्फ डिम्पू ने आनर के साथ मिलकर अल्फा माईंस एंड मिनरल्स से लगभग 51 लाख रुपए की ठगी कर चुके हैं। इस संबंध में भूक्तभोगी द्वारा लालपुर थाना में कांड संख्या 88/22 दर्ज है। जेपीएल इंटरप्राइजेज का कार्यालय लालपुर स्थित पेंटालूंस मॉल के निचला तल पर है।

    यहां दिए गए है जेपीएल इंटरप्राइजेज को स्टोन माइंस
    1 नामकुम के उलाहतू मौजा में स्टोन माइंस 17 नवंबर 2016 को दिया गया है।
    2 इसी जगह पर दूसरी माइंस भी 17 नवंबर 2016 को ही दिया गया है।
    3 18 नवंबर 2016 को फिर से नामकुम के उलाहतू में स्टोन माइंस आवंटित हुआ।
    4 21 जुलाई 2016 को नामकुम के टुंडाबुली में स्टोन माइंस आवंटित किया गया।
    5 17 दिसंबर 2016 को ओरमांझी के सांडी में भीएक माइंस दिया गया।
    6 8 मार्च 2018 को ओरमांझी के इचादाग में दिया गया स्टोन माइंस।
    7 अनगड़ा के मालघोषा में भीपत्थर का खदान दिया गया।

    सभी माइंसों का आवंटन भी सीरियल नंबर से किया है
    उसमें लीज नंबर 0614558506, 0514558502, 051455803, 051455804,
    0514558505, 0514559506, 0514558507, 0514559508 और अन्य है।

    नामकुम, ओरमांझी और अनगड़ा की सीओ रही सहभागिता
    सभी खान आवंटन को लेकर नामकुम, ओरमांझी और अनगड़ा अंचल के तत्कालीन अंचल अधिकारियों ने सरफेस राइट और अन्य चीजें दे रखी है। इस तरह अवैध पत्थर खदान का उत्खनन जोरों पर है।

  • झारखंड हाईकोर्ट का आदेश देवघर डीसी और मनोहरपुर सीओ रात आठ बजे तक हो उपस्थित अन्यथा वारंट किया जाएगा जारी

    झारखंड हाईकोर्ट एलपीसी (लैंड पोजिशन सर्टिफिकेट) पेंडिग रखने पर नाराजगी जताते हुए देवघर डीसी और मोहनपुर के सीओ को आज शाम आठ बजे तक उपस्थित होने का आदेश दिया है. हाईकोर्ट के जस्टिस राजेश ने मुख्य सचिव को निर्देश देते हुए कहा है कि देवघर डीसी और मनोहरपुर सीओ को रात आठ बजे तक उपस्थित करें. अन्यथा इन अधिकारियों के खिलाफ वारंट जारी किया जाएगा.गौरतलब है कि याचिकाकर्ता देवघर जिले के मोहनपुर अंचल में अपनी जमीन बेचना चाहते हैं. जमीन बेचने के लिए अंचल कार्यालय में एलपीसी के लिए वर्ष 2019 में आवेदन दिया था. अंचल कार्यालय से ससमय एलपीसी निर्गत नहीं होने के कारण जमीन नहीं बेच पा रहे थे. उन्हें जमीन की रजिस्ट्री कराने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. इसके बाद अपने अधिवक्ता लखन चंद्र राय के माध्यम से कोर्ट पहुंचे.

  • जाको राखे साईया मार सके ना कोई, आगे और पीछे ट्रक से टकरायी कार, परिवार सुरक्षित

    हजारीबाग। जाको रखे साईया मार सके ने कोई का कहावत आज चौपरण में देखने को मिला। जहां आगे और पीछे से एक कार ट्रक से टकरा गयी। लेकिन उसके अंदर बैठे चारों लोग सुरक्षित रहे। चौपारण में हुए भीषण सड़क दुर्घटना में एक परिवार बाल-बाल बच गया। चौपारण के जीटी रोड पर दनुआ घाटी में आज सुबह 9 बजे दो बच्चों के साथ पति-पत्नी वैगनआर कार से रांची से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने पीछे से वाहन में टक्कर मार दी। इसमें कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे दूसरे ट्रक से टकरा गई। दो तरफा हादसे में कार का अगला और पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। लेकिन कार में सवार सभी चारों लोग पूरी तरह से सुरक्षित बच गए। कार की स्थिति देखकर यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि ऐसी भयानक दुर्घटना में सभी लोग जीवित बच गए होंगे। चारों लोगों को हल्की चोटें आई हैं। कार के अंदर चंद्रप्रकाश 35, पत्नी अंजू सिंह 33, 9 वर्षीय बेटी दिशा कुमारी एवं 5 वर्षीय बेटा चेतन यात्रा कर रहे थे। चंद्रप्रकाश ने बताया कि घाटी के पास अचानक कार को पीछे से ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस कारण कार आगे चल रहे दूसरे ट्रक से टकरा गई। दोनों तरफ से हुई टक्कर में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लेकिन कार में सवार सभी 4 लोग सुरक्षित बच गए। पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक के रूक जाने के कारण कार सड़क पर पलटने से बच गई।

  • झारखंड का जलवा; गढ़वा, पलामू, गिरिडीह व जमशेदपुर की प्रतिभाओं ने लहराया परचम, महुआ मांझी होंगी खटट की राज्यसभा उम्मीदवार

    रांची। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने आज यूपीएससी-2021के परिणाम घोषित कर दिया हैं। इसमें झारखंड के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। जमशेदपुर के लोयला स्कूल से पढ़ने श्रुति राजलक्ष्मी ने यूपीएससी में 25वां स्थान लाने में सफलता प्राप्त किया है। श्रुति बीएचयू आइआइटी से 2019 में कप्यूटर साइंस से पास करने के बाद एक वर्ष नौकरी की। फिर स्वयं से तैयारी कर यूपीएससी में सफलता प्राप्त की है। पिता आनंद कुमार वकील हैं और मां जिला समाज कल्याण पदाधिकारी हैं। अभी प्रोजेक्ट भवन में हैं। श्रुति ने स्वयं से रांची और दिल्ली में रहकर तैयारी की। श्रुति लोयोला स्कूल जमशेदपुर की साइंस टापर रही है। 12वीं डीपीएस आरकेपुरम दिल्ली से की है। रांची के मुकेश कुमार गुप्ता को सिविल सेवा परीक्षा में 499वां रैंक हासिल हुआ है। गढ़वा जिले के गढ़वा प्रखंड के हूर गांव निवासी विपिन कुमार चौबे की पुत्री नम्रता चौबे सिविल सेवा परीक्षा पास करने में सफल रही हैं। नम्रता को 73 रैंक मिला है। उसके पिता मध्य विद्यालय परिहारा गढ़वा में सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। अभी नम्रता दिल्ली में है। परिजनों के अनुसार वह अगले सोमवार को गढ़वा आएगी। पलामू जिले के पांडु के रहनेवाले कुमार सौरभ ने यूपीएससी परीक्षा में 357वां स्थान प्राप्त किया है। गिरिडीह के रहने वाले रवि कुमार ने सिविल सेवा परीक्षा में 38वां स्थान हासिल किया है।

  • यूपीएससी सिविल सेवा 2021 का परिणाम जारी ,श्रुति शर्मा, अंकिता अग्रवाल और गामिनी सिंगला बनीं टॉपर

    नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने आज सिविल सेवा परीक्षा-2021 के परिणाम घोषित कर दिया।

    जिसमें श्रुति शर्मा पहले स्थान पर रही हैं। आयोग ने बताया कि लगभग 685 उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की है। हालांकि आयोग ने इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। आयोग ने कहा कि श्रुति शर्मा पहले स्थान पर रही हैं, जबकि अंकिता अग्रवाल दूसरे और गामिनी सिंगला ने तीसरा स्थान हासिल किया है।


    ये हैं सिविल सेवा परीक्षा 2021 के टॉप 10
    पहला स्थान श्रुति शर्मा
    दूसरा स्थान अंकिता अग्रवाल
    तीसरा स्थान गामिनी सिंगला
    चौथा स्थान ऐश्वर्य वर्मा,


    पांचवा स्थान उत्कर्ष द्विवेदी
    छठा स्थान यक्ष चौधरी
    सातवां स्थान सम्यक एस जैन
    आठवां स्थान इशिता राठी
    नौवां स्थान प्रीतम कुमार
    दसवां स्थान हरकीरत सिंह रंधावा

  • हेमंत ने की घोषणा, राज्यसभा प्रत्याशी झामुमो की महुआ माजी

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रेस कांफ्रेंस कर राज्यसभा उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी. उन्होंने राज्यसभा प्रत्याशी के तौर पर पार्टी की महिला नेता महुआ माजी के नाम की घोषणा की.

  • रांची में जमीन कारोबारी कमल भूषण की दिनदहाड़े 4 गोली मारकर हत्या 

    राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित उपहार सिनेमा के पास आज अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े जमीन कारोबारी कमल भूषण पर गोलियों की बौछार कर दी है. प्रारंभिक सूचना के अनुसार उन्हें चार गोली लगी है. कारोबारी को इलाज के लिए रिम्स में दाखिल कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई.

  • अब जज करेंगे झारखंड हाईकोर्ट और विधानसभा के निर्माण में गड़बड़ी की जांच

    राम कृपाल कंस्ट्रक्शन की बढ़ी परेशानी, झारखंड सरकार ने दिया न्यायिक जांच का निर्देश

    रांची। घपले घोटाले के लिए देशभर में बदनामी कमा चुके झारखंड में अब एक नए घोटाले पर से भी जल्दी पर्दाफाश होने वाला है। झारखंड की नई विधानसभा भवन और हाई कोर्ट के निर्माण में बरती गई अनियमितता की जांच अब न्यायिक आयोग करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस निर्णय को अपनी मंजूरी दे दी है। राजधानी की चर्चित कंस्ट्रक्शन कंपनी राम कृपाल कंस्ट्रक्शन ने इसका निर्माण किया है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के समय में टेंडर दिए जाने के समय से लेकर निर्माण के बीच में लगातार व्यापक अनियमितता को लेकर आवाज उठती रही थी। पूर्व में हेमंत सोरेन ने इन भवनों पर लगे अनियमितता के आरोपों की जांच एसीबी से कराने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक इसमें कुछ नहीं हो सका है। अब न्यायिक आयोग की जांच में दोषियों पर कार्रवाई की गुंजाइश बढ़ गई है।

  • NEET PG 2022 की परीक्षा को अब ओर नहीं टाला जाएगा, सुप्रीम कोर्ट ने की याचिका खारीज

    NEW DELHI : सुप्रीम कोर्ट ने नीट पीजी 2022 के परीक्षा को आगे बढाने से इंकार कर दिया . सुप्रीम कोर्ट ने नीट पीजी 2022 की एग्जाम डेट बढाने वाली मांग की याचिका को खारिज कर दी है . सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा की परीक्षा अगर स्थागित किया गया तो इसके कारण मरीजों की देखभाल और उपचार की व्यवस्था पर असर होगा . परीक्षा टालने वाली याचिका में मांग की गई थी की 2021 में हुई नीट पीजी की परीक्षा के बाद काउन्सलिंग की प्रक्रिया को कुछ दिन के लिए स्थगित किया गया था फिर उसके बाद वो काउन्सलिंग अब तक नहीं हुई है . इसलिए 2022 की परीक्षा को टाल दी जाए

    मामले की सुनवाई कर रहे खण्डपीठ ने केंद्र सरकार की दलील से सहमति जताई की पहले से ही अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टरों की कमी है क्योंकि इस साल पीजी डॉक्टरों के 2 बैच थे. खण्डपीठ ने कहा कि किसी भी राहत से मरीजों की देखभाल और डॉक्टरों की उपलब्धता पर असर पड़ेगा. यह उन 2.06 लाख डॉक्टरों के करियर को भी प्रभावित करेगा, जिन्होंने इस साल नीट-पीजी 2022 के लिए पंजीकरण कराया है. मालूम हो कि पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट, नीट पीजी 2022 का 21 मई को आयोजन होना है. इधऱ, इंडियन मेडिकल एसोशिएशन ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया से पत्र लिखकर अपील की है कि नीट पीजी 2022 परीक्षा का 21 मई को आयोजन स्थगित किया जाए.

  • JHARKHAND: पूजा सिंघल तो गयीं , अब इनके बाद दूजा कौन ?

    Ranchi: पूजा सिंघल तो गयीं, उनके बाद दूजा कौन ? लाख टके का यह सवाल झारखंड में सत्ता और ब्यूरोक्रेसी के गलियारे में बड़ी बेचैनी के साथ घूम रहा है. दरअसल ईडी की अब तक की जांच और पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, उसके आधार पर इस मामले का कनेक्शन ऊपर के कई अफसरों से जुड़ रहा है. सत्ता से जुड़े किरदार भी इसकी चपेट में आ सकते हैं.

    पांच दिनों तक रिमांड पर ईडी की पूछताछ में पूजा सिंघल का टूटना तय माना जा रहा है. जांच जारी रही तो भ्रष्टाचार और मनी लांड्रिंग से जुड़ा पूरा का पूरा नेटवर्क एक्सपोज होगा. पूजा सिंघल से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले की फाइलें लंबे वक्त तक ब्यूरोक्रेसी और सरकार में दौड़ती रहीं. उनके खिलाफ जांच के आदेश हुए. कार्रवाई की भी सिफारिश हुई, लेकिन फिर रहस्यमय तरीके से उन्हें क्लीन चिट दे दी गयी.

    कौन हैं ये A,B और C

    सूत्रों की मानें तो भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों से जुड़े मामलों में ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों की जद में झारखंड के कम से कम आधा दर्जन वरीय अफसरों का आना तय है. इन अधिकारियों में A,B और C राडार पर बताये जाते हैं. उच्चपदस्थ सर्किल में चल रही चर्चा पर यकीन करें तो दरअसल यह उन अफसरों के नाम का पहला अक्षर है, जिनके खिलाफ आनेवाले दिनों में कार्रवाई हो सकती है.

    सरकार ने भी दिये हैं ये नाम

    राजभवन ने गृह मंत्रालय को झारखंड के कुछ अफसरों के नाम भेजे हैं, जिनपर भ्रष्टाचार के गंभीर मामले हैं. सीएमओ ने राजभवन से अफसरों की लिस्ट मांगी थी. इसके बाद एटीआई के महानिदेशक के श्रीनिवासन, रांची डीसी छवि रंजन और भवन निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार का नाम राजभवन को दिया गया है. हालांकि इन नामों के अलावा राजभवन ने और सात नामों की सूची गृह मंत्रालय को भेजी है. बताया जा रहा है कि भ्रष्टाचार के आरोपियों के खिलाफ आज न कल कार्रवाई होनी तय है.

  • BIG NEWS : दिल्ली में नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल , विरोध कर रहे MLA अमानतुल्लाह खान गिरफ्तार

    New Delhi : उत्तरी दिल्ली नगर निगम की ओर से लगातार अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है . इस कड़ी में इस समय के.एन. काटजू मार्ग, रोहिणी में अस्थाई निर्माण हटाया जा रहा है.
    दूसरी तरफ इस अतिक्रमण हटाने के अभियान में दिल्ली पुलिस को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. भारी विरोध के बीच खबर आई है कि दिल्ली पुलिस और आप नेता अमानतुल्लाह के बीच नोकझोंक हुई. इसके बाद अमानतुल्लाह को गिरफ्तार कर लिया गया है.

    बता दें कि पुलिस और अतिक्रमण स्थल पर मौजूद भीड़ के बीच लगातार विवाद सामने आ रहा है. मदनपुर खदर में आप नेता अमानतुल्लाह का दिल्ली पुलिस से विवाद हो गया है. इस मामले को लेकर दिल्ली पुलिस का कहना है कि आप विधायक भीड़ को उकसाने का काम कर रहे थे. साथ ही वे सरकारी काम में भी बाधा डाल रहे थे. यही कारण है कि पुलिस और उनके बीच नोंकझोंक हुई.

    भड़काऊ बयान दिया

    उधर, अमानातुल्लाह ने भड़काऊ बयान दिया और कहा, पूरा इलाका और पूरा दिल्ली गिरफतार होगा, हम मकान नहीं तोड़ने देंगे. अमानातुल्लाह का कहना था कि मैं यदि अतिक्रमण होगा तो मैं निगम का साथ दूंगा लेकिन यदि ऐसा नहीं है तो मैं गरीब लोगों के घरों को बचाने के लिए जेल जाने के लिए भी तैयार हूं.

    चलाया अतिक्रमण रोधी अभियान

    गौरतलब है कि बुधवार को निगम के अधिकारियों ने दक्षिणी दिल्ली के नजफगढ़ और पश्चिमी क्षेत्रों में नियोजित अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया, जिसमें द्वारका, चौखंडी और आसपास के क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों पर अस्थायी ढांचों को हटा दिया गया.

    निगम द्वारा की गई कार्रवाई का स्थानीय निवासियों के एक वर्ग द्वारा विरोध किया गया जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर भी आए. एक वीडियो में देखा गया था कि जनकपुरी इलाके में एक व्यक्ति ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा, ”हमें पहले नोटिस दिया जाना चाहिए था.” बता दें कि कि दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने दिल्ली के कई हिस्सों में 4 मई से 13 मई तक अवैध निर्माण को गिराने का पहला चरण शुरू किया है.