चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में 28 मई को आने वाले बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के उद्देश्य से रविवार शाम को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी एवं इंस्पेक्टर अवधेश कुमार ने की। बैठक में अंचलाधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा, नगर परिषद उपाध्यक्ष विजय कुमार साव, अंचल निरीक्षक विनोद कुमार, शांति समिति के सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात और आपसी भाईचारा बनाए रखने के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न दें: अंचलाधिकारी
अंचलाधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा ने कहा कि बकरीद त्याग, समर्पण और कुर्बानी का पर्व है। उन्होंने नागरिकों से सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न देने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट से दूर रहने का आग्रह किया। अंचलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन सोशल मीडिया पर नजर रखेगा और कानून व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवशेषों का वैज्ञानिक निस्तारण करें: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कुर्बानी के बाद अवशेषों का वैज्ञानिक और स्वच्छ तरीके से निस्तारण करने की अपील की। सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष भी प्रशासन और जनता के सहयोग से बकरीद शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव दिए और प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। अंत में सभी से आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की गई। बैठक में वार्ड पार्षद संजय पासवान, प्रदीप दास, सुनीती बाग, राजेश्वरी मुखी, मंजू मिंज, सीताराम तैयसुम, शेखावत हुसैन, अंजुमन इस्लामिया के उपाध्यक्ष हाजी इकराम हुसैन, अनवर खान, डॉ. नागेश्वर प्रधान, परेश मंडल, कुमार विवेक, मो. अशरफ, सोमनाथ रजक, राजेश गुप्ता और अन्य उपस्थित थे।