झारखंड में मौसम का हाल: राहत की उम्मीद
रांची: झारखंड के निवासियों के लिए राहत भरी खबर आई है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों तक तापमान में अधिक परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन 29 मई से मौसम में बदलाव आएगा। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर सकता है। साथ ही, तेज हवाओं, बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में मौसम में अचानक परिवर्तन की संभावना है। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, साहिबगंज, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, धनबाद, बोकारो, गुमला, कोडरमा और लोहरदगा में तेज हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने और आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पलामू और गढ़वा में गर्मी की स्थिति बरकरार
राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों जैसे पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में गर्मी और लू का असर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। झारखंड के लगभग 10 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिसके कारण कई शहरों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छा गया है।
डाल्टनगंज में उच्चतम तापमान, दारीसाई में बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में सर्वाधिक 19.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म शहर साबित हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधान रांची में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
27 और 28 मई तक गर्मी बने रहने की संभावना
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने जानकारी दी कि 27 और 28 मई तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। इसके बाद 29 मई से 1 जून के बीच तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।