रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) में होने वाली भर्तियों के लिए अब दो परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन होगा, जिसमें उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। हालांकि, यदि 50 हजार से कम आवेदन प्राप्त होते हैं, तो सीधे मुख्य परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में राज्य सरकार के कार्मिक विभाग ने अपनी तीन नियुक्ति नियमावलियों में संशोधन किया है।
प्रारंभिक परीक्षा में पूछे जाएंगे सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न
प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे, जो दो घंटे तक चलेगी। इस परीक्षा में कुल 120 प्रश्न होंगे। इसमें सामान्य अध्ययन से 30, झारखंड राज्य से संबंधित ज्ञान पर आधारित 60, सामान्य गणित से 10, सामान्य विज्ञान से 10 और मानसिक क्षमता जांच से 10 प्रश्न शामिल होंगे। प्रारंभिक परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर आयोग मेधा सूची तैयार करेगा, जिसमें कुल रिक्तियों के 15 गुना अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
मुख्य परीक्षा हेतु चयन प्रक्रिया
निर्धारित सूची में यदि किसी भी श्रेणी (उदग्र एवं क्षैतिज) के अभ्यर्थियों का प्रतिनिधित्व रिक्तियों के 15 गुना से कम है, तो उस श्रेणी के अतिरिक्त अभ्यर्थियों को भी मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया जाएगा। मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए सभी श्रेणियों के अंतिम चयनित अभ्यर्थियों के समान अंक प्राप्त करने वाले अन्य अभ्यर्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
इस प्रक्रिया को लेकर जेएसएससी ने कैबिनेट की स्वीकृति के बाद अधिसूचना जारी की है।

प्रातिक्रिया दे