झारखंड सरकार ने असम में बाढ़ पीड़ितों के लिए 3 करोड़ रुपये की सहायता का ऐलान किया
रांची: असम में आए विनाशकारी बाढ़ के मद्देनज़र झारखंड सरकार ने मानवीयता का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से 3 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस संबंध में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को पत्र लिखकर सहयोग और समर्थन की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। उनके अनुसार, असम में बाढ़ के कारण व्यापक नुकसान हुआ है, जिसमें जान-माल की हानि के साथ ही हजारों लोग बेघर हो गए हैं। ऐसे कठिन समय में असम के नागरिकों के साथ खड़ा होना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
बाढ़ प्रभावितों के प्रति गहरी संवेदना
सीएम सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार तथा राज्य के लोग बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी भावना के तहत 3 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।
झारखंड के नागरिकों से अपील
मुख्यमंत्री ने झारखंड के नागरिकों से भी अपील की है कि वे आगे बढ़कर असम के बाढ़ पीड़ितों की मदद करें। उन्होंने असम के लोगों के साहस और धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वे एक-दूसरे का सहारा बन रहे हैं। पत्र में उन्होंने माँ कामाख्या से प्रार्थना की कि असम जल्द ही इस आपदा से उबरकर सामान्य स्थिति में लौटे।
भविष्य में सहयोग की प्रतिबद्धता
सीएम सोरेन ने यह भी आश्वासन दिया कि यदि भविष्य में किसी अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता होगी, तो झारखंड सरकार हर संभव मदद के लिए तत्पर रहेगी। अंत में, उन्होंने झारखंड की जनता की ओर से असम के सभी प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और इस संकट के समय में मानवता को सर्वोपरि रखने की बात कही। असम के मुख्यमंत्री ने भी हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त किया।