खसरा रुबेला अभियान पर जागरूकता रैली में बच्चों ने की टीकाकरण की अपील

कल 12 अप्रैल से अभियान की शुरूआत, 9 लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य

गिरिडीह। खसरा रुबेला अभियान कल बुधवार से शुरू होगी। इस अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाने के लिए आज जागरूकता रैली निकाली गयी। रैली में जिले के आला अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों और भारी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। रैली की शुरूआत झंडा मैदान से की गयी। जिसके बाद रैली रीतलाल वर्मा चौक, मकतपुर, कालीबाड़ी, टावर चौक होते हुए वापस झंडा मैदान पहुंची। रैली में बीएनएस डीएवी स्कूल, मकतपुर हाई स्कूल, जेसी बोस बालिका उच्च विद्यालय, बंगाली बालिका मध्य विद्यालय, मिर्जा गालिब उर्दू मध्य विद्यालय, कमला नेहरू कन्या मध्य विद्यालय, नेताजी सुभाष मध्य विद्यालय समेत अन्य स्कूलों के बच्चे शामिल हुए। रैली में शामिल बच्चें आमलोगों से खसरा रुबेला अभियान को सफल बनाने की अपील कर रहे थे।

हर दिन 30 हजार बच्चों का होगा टीकाकरण


रैली के समापन के बाद झंडा मैदान में पत्रकारों से डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि 12 अप्रैल से शुरू हो रहे अभियान के तहत जिले के 9 लाख बच्चों को खसरा रुबेला टीकाकरण का लक्ष्य है। रोजाना 30 हजार बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।

9 माह से 15 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण


अभियान के तहत 9 माह से 15 वर्ष के बच्चों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित है। इसे लेकर बच्चों के अभिभावक किसी तरह का भ्रम में नहीं रहें। खसरा जानलेवा बीमारी है। इससे बचने का एकमात्र तरीका टीकाकरण है।

जागरूकता रैली में ये अधिकारी रहे शामिल


मौके पर डीसी के अलावा डीडीसी शशि भूषण मेहरा, अपर समाहर्ता विल्सन भेगरा, सिविल सर्जन डॉ. एसपी मिश्रा, डॉ. अशोक कुमार, मो आजाद, डीपीएम प्रमिला कुमारी समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top