रांची के मेडिका अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है, स्थिति गंभीर
गुमला। पालकोट थाना क्षेत्र के रोकेडेगा मोड़ के पास भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सुमित केशरी को अपराधियों ने गोली मार दी है। यह घटना सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे की है। सुमित को जब गोली मारी गयी, उस समय उसका भतीजा उत्सव केशरी भी साथ में था। उसने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में सुमित को सदर अस्पताल ले गयी। जहां उसकी स्थिति को गंभीरता को देखते हुए रांची के मेडिका अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सुमित केशरी की हालत गंभीर बनी हुई है, उन्हें मेडिका अस्पताल, रांची में वेंटिलेटर पर रखा गया है। सोमवार की रात दो अपराधी सुमित के बिलिंगबिरा स्थित सुमित के ईट भट्ठे में पहुंचे। अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर दोनों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद दोनों को साथ लेकर पैदल वहां से निकल गये। इसके बाद उत्सव को बाइक लेकर आने को कहा। उत्सव बाइक लेकर आया तो उस पर बैठाकर दोनों को अपराधी वहां से चार किलोमीटर दूर रोकेडेगा मोड़ ले गये। जहां उतारने के बाद सुमित को गोली मार दी। गोली सुमित के घुटने पर लगी जिससे वह गिर गया, इसी बीच अपराधियों ने उसके सिर को पत्थर से कुचलने का प्रयास किया। बीच बचाव करने गये उत्सव के साथ भी मारपीट करने के बाद अपराधी फरार हो गये। घटना की सूचना उत्सव ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस की टीम पहुंचकर सुमित को गुमला सदर अस्पताल ले गयी। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रांची के मेडिका अस्पताल रेफर कर दिया।

प्रातिक्रिया दे