रांची : रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार सुबह एक आरपीएफ जवान का सिर कटा हुआ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच घटित हुई। प्रारंभिक जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जवान वर्दी में था और उसका सिर धड़ से अलग पाया गया। शव के पास उसका बैग भी मौजूद था, जिससे इस मामले में कई सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, आरपीएफ जवान की मौत ट्रेन से कटने के कारण होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह एक हादसा था या आत्महत्या। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और रेलवे ट्रैक के पास लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
तीन दिन पहले ही हुई थी पोस्टिंग
जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की नामकुम रेलवे स्टेशन पर महज तीन दिन पहले ही पोस्टिंग हुई थी। इस तरह की घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे विभाग में शोक का माहौल है। फिलहाल, मृतक जवान की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हालांकि, रेलवे पुलिस ने मामले के बारे में विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी रांची रेलवे स्टेशन के कार्यालय में उपलब्ध होगी।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने जवान के परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी है। परिवार में इस खबर के बाद शोक का माहौल है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला दुर्घटना का है या आत्महत्या का। रेलवे पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा किया जा सकेगा।