छह सेमेस्टर वाले तीन साल के कोर्स का कुल शुल्क होगा 3.60 लाख रूपये
रांची। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी (डीएसपीएमयू) में इसी सत्र से एग्जीक्यूटिव एमबीए की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। जॉब कर रहे अभ्यर्थियों को यहां से एमबीए की डिग्री प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। डीएसपीएमयू के अनुसार स्कूल आॅफ मैनेजमेंट डिपार्टमेंट के अंतर्गत एग्जीक्यूटिव एमबीए कोर्स की पढ़ाई शुरू हो रही है। सामन्यत: एमबीए की पढ़ाई दो वर्ष की होती है। लेकिन, एग्जीक्यूटिव एमबीए कोर्स की पढ़ाई तीन साल यानि छह सेमेस्टर की होगी। कामकाजी लोगों द्वारा लंबे समय से एग्जीक्यूटिव एमबीए की पढ़ाई शुरू करने की मांग हो रही थी। इसे ध्यान में रखकर विवि प्रशासन ने कोर्स का सिलेबस और संचालन रेगुलेशन डिजाइन कराया। इसके बाद वीसी डॉ. तपन कुमार शांडिल्य की अध्यक्षता वाली एकेडमिक काउंसिल में इसकी पढ़ाई शुरू करने के प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए रखा जाएगा। यहां से स्वीकृति मिलते ही पढ़ाई शुरू करने का रास्ता साफ हो जाएगा। अन्य कोर्सों की तरह एग्जीक्यूटिव एमबीए की सप्ताह में छह दिन क्लास नहीं चलेगी। बल्कि, सप्ताह में दो दिन क्लास संचालित की जाएगी। शनिवार और रविवार को क्लास संचालित की जाएगी। क्योंकि, तकरीबन सभी कार्यालयों में शनिवार और रविवार को अवकाश रहता है। इसलिए, कामकाजी लोगों को क्लास करने में सुविधा होगी। विवि प्रशासन ने एग्जीक्यूटिव एमबीए कोर्स के पहले बैच में 30 सीटों पर नामांकन लेने का निर्णय लिया है। अगले सत्र से मांग बढ़ने पर सीटें बढ़ाई जाने की संभावना है। वहीं, प्रति सेमेस्टर शुल्क 60 हजार रुपए रखे गए हैं, यानि कोर्स पूरा करने में छह सेमेस्टर में कुल 3.60 लाख रुपए शुल्क देना होगा।