पहाड़ों में बर्फबारी के असर से बढ़ी कनकनी, सर्दी का सितम और सताएगा

आज 3 डिग्री तक और गिर सकता है पारा, सुबह व शाम को रहेगा कोहरा
4 दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ होगा शुरू ठंड में और ज्यादा होगी बढ़ोतरी होगी

रांची। बादल और बंूदाबांदी के बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव आया हुआ। आज सुबह कोहरा के बाद धूप निकली। लेकिन ठंडी हवा चलने से मौसम में कनकनी बरकरार है। धूप के बावजूद आज मौसम ठंड होने से लोगों को दिन में भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। बारिश और बूंदाबांदी के बाद बादल छंटने व दिन में धूप निकलने से रांची में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में चार डिग्री की बढ़ोतरी हुई। जबकि न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री गिरा। अधिकतम तापमान बढ़ने के बावजूद कड़ाके की ठंड लौट आई। रविवार को शाम से कनकनी बढ़ गई। जिस कारण शाम से ही सड़कों पर विरानी छा गई। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। इस वजह से फिलहाल न बादल छाएंगे और न ही बारिश होगी। आज से मौसम पूरी तरह से साफ हो जाएगा। लेकिन अगले 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री तक की गिरावट आने का अनुमान है। क्योंकि पहाड़ों पर बर्फबारी फिर से शुरू हो गई है। इससे उत्तर भारत में ठंड काफी बढ़ रही है। झारखंड में दो दिनों के दौरान सुबह में हल्के और मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है, लेकिन दिन में फिर धूप खिलेगी। बहरहाल, आने वाले दिनों में सर्दी का सितम और सताएगा। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि फिलहाल सुबह और शाम को सिहरन वाली ठंड से लोगों को निजात नहीं मिलने वाला है।

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का है असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी है। पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी से झारखंड में ठंड बढ़ गई है। अभी दो-तीन दिन तक पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। इसलिए ठंड से अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। चार दिन बाद फिर उत्तर-पश्चिमी भारत में पश्चिमी विक्षोभ शुरू होगा। इससे ठंड में और ज्यादा बढ़ोतरी होगी।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top