एशेज में इंग्लैंड की 15 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट जीत

एशेज सीरीज में इंग्लैंड की ऐतिहासिक जीत

मेलबर्न: इंग्लैंड ने एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराकर महत्वपूर्ण इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलियाई धरती पर 15 साल से चल रहा टेस्ट मैच जीतने का सूखा समाप्त कर दिया। यह मुकाबला केवल दो दिनों में समाप्त हो गया।

इससे पहले, इंग्लैंड की आखिरी टेस्ट जीत ऑस्ट्रेलिया में जनवरी 2011 में सिडनी में हुई थी। उसके बाद, इंग्लैंड को लगातार 18 टेस्ट मैचों में जीत प्राप्त नहीं हुई, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 16 मैच जीते और 2 मैच ड्रॉ रहे। बॉक्सिंग डे टेस्ट के रूप में आयोजित किया गया यह मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर खेला गया, जो इस सीरीज का दूसरा दो-दिनी टेस्ट बना। मैच के प्रारंभ से ही पिच पर घास के कारण गेंदबाजों का दबदबा रहा और कुल 36 विकेट गिरे।

18 मैचों के बाद मिली जीत

चौथी पारी में 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 32.2 ओवरों में 4 विकेट से जीत हासिल की। यह 1962 के बाद पहली बार है जब इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में चौथी पारी में टारगेट चेज किया है। 18 टेस्ट मैचों के बाद इंग्लैंड को आखिरकार ऑस्ट्रेलिया की धरती पर जीत मिली है।

जोश टंग की शानदार गेंदबाजी

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 152 रन बनाकर आउट हो गया, जबकि इंग्लैंड ने 110 रन बनाए। इससे ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 42 रनों की बढ़त मिली थी। मगर इंग्लैंड ने दूसरी पारी में बेहतरीन प्रदर्शन कर मैच अपने नाम कर लिया। इंग्लिश पेसर जोश टंग को इस मुकाबले में 7 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। टंग ने स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन जैसे टॉप बल्लेबाजों को आउट कर इंग्लैंड की जीत की नींव रखी।

हालांकि सीरीज पहले ही 3-0 से ऑस्ट्रेलिया के नाम हो चुकी है, लेकिन यह जीत इंग्लैंड के लिए एक मनोबल बढ़ाने वाली साबित हुई। एमसीजी में इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए रिकॉर्ड संख्या में भीड़ हुई, जहां दो दिनों में 1.86 लाख से अधिक दर्शक पहुंचे।

पिच पर उठते सवाल

मैच की समाप्ति के बाद पिच की काफी आलोचना हो रही है। दो दिन में मैच खत्म होने से क्रिकेट प्रशंसक नाराज हैं। पहले दिन ही 20 विकेट गिरे, जो ऑस्ट्रेलिया में 1951 के एडिलेड ओवल के बाद सबसे ज्यादा थे। दूसरे दिन भी 16 विकेट गिरे। पूर्व खिलाड़ियों ने इसे टेस्ट क्रिकेट के लिए अनुचित बताया है। अब तक एशेज सीरीज में 20 में से केवल 13 दिन का खेल ही हो पाया है। सीरीज़ का अंतिम टेस्ट 4 से 8 जनवरी तक सिडनी में खेला जाएगा।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top