बाक्साइट ट्रक के चपेट में आने से पिता-पुत्र हुए घायल

घटना जोबांग थाना क्षेत्र के देवदरिया महादेव मंडा के समीप की, ट्रक को पुलिस ने लिया कब्जे में।

किस्को/लोहरदगा। जिले के अति सुदूरवर्ती एवं नक्सल प्रभावित जोबांग थाना क्षेत्र के देवदरिया महादेव मंडा के समीप बॉक्साइट ट्रक की चपेट में आने से पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। बताते चलें कि जोबांग क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवदरिया निवासी 35 वर्षीय विजय कुमार शाही एवं उनका 19 वर्षीय पुत्र संतोष शाही अपना जरूरी काम निपटारे के बाद अपने मोटरसाइकिल से अपने घर देवदरिया जा रहे थे इसी दौरान ट्रक संख्या जेएच 08 एच 7246 ने दोनों पिता पुत्र को अपने चपेट में ले लिया जिससे दोनों पिता पुत्र मौके पर गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज हेतु तत्काल उप स्वास्थ्य केंद्र जोबांग ले जाया गया जहां पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल विजय कुमार शाही को एम्बुलेंस से बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया।

उल्लेखनीय है कि ट्रक के टक्कर से मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गया है। इधर घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशि शेखर कुमार तत्काल घटनास्थल पर पहुंच कर ट्रक को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गए हैं। साथ ही घायलों को इलाज हेतु तत्काल अस्पताल भेज दिया है। मामले को ले थाना प्रभारी शशि शेखर कुमार ने बताया कि देवदरिया निवासी विजय कुमार शाही एवं उनका पुत्र खरचा से अपने घर मोटरसाइकिल से जा रहे थे इसी दौरान लोहरदगा की ओर से बाक्साइट लेकर रीचुघुटा साइडिंग बाक्साइट खाली करने आ रहे ट्रक ने दोनों को अपने चपेट में लिया जिससे दोनों घायल हो गए।

थाना प्रभारी शशि शेखर कुमार ने बताया कि ट्रक वाहन चालकों एवं सभी प्रकार के छोटे वाहन चालकों को हमेशा कम गति सीमा में वाहन परिचालन करने को लेकर जागरूक किया जाता है परंतु वाहन चालक नियम का अनुपालन नहीं करते हैं यही वजह है कि सड़क दुर्घटना में कमी नहीं आ रही है। थाना प्रभारी शशि शेखर कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चालक नियम का पालन करते हुए अपने वाहन का परिचालन करें जिससे सड़क दुर्घटना में कमी लाया जा सके।

Comments

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *