पूर्व डीएसपी यज्ञनारायण और एसआई प्रयागदास ED के समक्ष पहुंचे

रांची | झारखंड पुलिस के सेवानिवृत्त डीएसपी यज्ञनारायण तिवारी आखिरकार पूछताछ के लिए सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश हुए. इसके अलावा झारखंड पुलिस के एसआई प्रयागदास ईडी के समक्ष पेश हुए. दोनों पर हिरासत अवधि के दौरान रिम्स में पंकज मिश्रा से मुलाकात करने का आरोप है. ये दोनों अवैध पत्थर खनन के आरोपी पंकज मिश्रा से रिम्स के पेइंग वार्ड में मिले थे. जिसके लिए उन्होंने न तो सक्षम अदालत, जेल प्रशासन या ईडी से अनुमति ली थी. उन्होंने गुपचुप तरीके से पंकज मिश्रा से मुलाकात की थी.

यज्ञनारायण तिवारी इसी साल जनवरी में साहिबगंज जिले में डीएसपी (मुख्यालय) के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं. उन्होंने पंकज मिश्रा एफआईआर 146/21 के खिलाफ एक मामले की जांच की थी. जिसके बाद ईडी ने उस केस को टेकओवर कर लिया था. एसआई प्रयाग दास पर आरोप है कि वे रिम्स में पंकज मिश्रा से मिलने गए थे. उस दौरान वे कांके थाने में तैनात थे. वह फिलहाल बरियातू थाने में पोस्टेड हैं.

बताते चलें कि ईडी को लंबे समय से पंकज मिश्रा के लोगों से मिलने और फोन करने की शिकायतें मिल रही थीं. इस पर ईडी ने छापा मारा और पंकज मिश्रा के दो करीबी सूरज पंडित और चंदन यादव को हिरासत में लिया था. जिन्होंने कॉल करने के लिए पंकज मिश्रा को अपना मोबाइल फोन उपलब्ध कराया था. ईडी ने यह पुष्टि करने के लिए रिम्स से सीसीटीवी फुटेज हासिल किया कि रिम्स में पंकज मिश्रा से और कौन मिला था.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top