पलामू। मेदिनीनगर-औरंगाबाद रोड पर कंडा में झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र में लूट की घटना हुई। ग्राहक बनकर आये चार अपराधियों ने लगभग दो लाख रुपए लूट कर फरार हो गये। इस संबंध में ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक अमित कुमार साहू ने नावाबाजार थाना पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी दीपक कुमार दास घटना स्थल पर पहुंच कर पूछताछ की। संचालक अमित ने बताया कि गुरुवार को रोज की तरह वह केंद्र चला रहा था। इसी दौरान एक युवक आकर 20 हजार रुपए खाता से निकालने के लिए बोला। अमित ने प्रक्रिया बताई। इसके बाद युवक बाहर निकल गया। करीब तीन बजे जैसे ही केंद्र में ग्राहकों की भीड़ खत्म हुई। चार अपराधी हथियार के साथ केंद्र में घुसे। संचालक अमित के साथ मारपीट करते हुए मोबाइल लूट लिया। इस दौरान काउंटर में रखे रुपए निकाल कर चारों अपराधी बाइक से पड़वा मोड़ की तरफ भाग गए। केंद्र के संचालक द्वारा शोर मचाने पर कुछ लोग पीछा किए। लेकिन अपराधी भागने में सफल रहे। घटना की जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने अमित के बताए अनुसार पड़वा मोड़ की तरफ पीछा किया। कुछ दूरी पर एक मोबाइल फेंका हुआ मिला जो अमित का ही था। ग्राहक सेवा केंद्र में सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा हुआ था। थाना प्रभारी दीपक कुमार दास ने बताया कि केंद्र संचालक अमित कुमार साहू के बयान के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।