रांची : रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के धुर्वा डैम में एक युवती ने गुरुवार को पानी में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान निमिषा झा के रूप में हुई है। वह पुंदाग ओपी क्षेत्र के सेल सिटी का निवासी और रांची के बीआईटी लालपुर की छात्रा बताई जा रही है।
अफरा-तफरी का माहौल, स्थानीय लोगों ने दी सूचना
घटना के बाद आस-पड़ोस में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती डैम के पास अकेली देखी गई थी। उसके बाद वह अचानक पानी में कूद गई। लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। नगड़ी थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू किया। गोताखोरों ने मेहनत के बाद युवती का शव डैम से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।
परिजनों में मचा मातम
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और गहरे शोक में थे। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।