हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में एक भयानक सड़क दुर्घटना में एक मां और उसके बेटे की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डेमोटांड़ स्थित निर्मल सिंह ढाबा के निकट हुई। जानकारी के अनुसार, पूरा परिवार पटना से एक विवाह समारोह में भाग लेकर रांची में अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान उनकी कार सड़क के किनारे खड़े एक हाईवा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
इस दुर्घटना में चंदन कुमार और उनकी मां विद्या देवी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, चंदन कुमार की पत्नी अंकिता देवी और उनके पिता महावीर प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए रांची के रिम्स में भेजा गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस हादसे का कारण तेज गति और चालक को झपकी आना हो सकता है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।