कार में भरकर बिहार ले जाया जा रहा था अवैध शराब, तस्कर और चालक फरार

चतरा। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। अभियान के दौरान शराब तस्करी रोकने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। बताया जा रहा है कि रविवार की देर रात पुलिस की ओर से चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान सदर थाना क्षेत्र 4में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की खेप बरामद की गई है। शराब की बोतलें कार में भरकर बिहार ले जाई जा रही थीं। इसी बीच पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को इसकी गुप्त सूचना मिल गई। बरामद की गई शराब करीब 63 पेटी बताई जा रही है। सूचना के आधार पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार व सदर थाना प्रभारी लव कुमार के नेतृत्व में चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर स्थित कुल्लू मोड़ के पास वाहनों की चेकिंग के लिए अभियान शुरू किया गया। हजारीबाग की ओर से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार पुलिस को देखते ही सौ मीटर पहले रोक दी गई। चालक तथा तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों ने वाहन की तलाशी ली। इसमें कार के अंदर से बड़े पैमाने पर शराब की पेटियां बरामद की गई। वाहन को जब्त कर थाना लाया गया। अभियान में अवर निरीक्षक रामबृक्ष राम सहायक अवर निरीक्षक शशिकांत ठाकुर समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि ऐसा लगता है कि अवैध अंग्रेजी शराब को बिहार ले जाया जा रहा था। समय पर इसकी गुप्त सूचना गई। इस कारण तस्करों की योजना विफल हो गई। इससे ठीक 24 घंटे पहले जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में छापा मारकर पुलिस ने 250 पेटी शराब बरामद की थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top