IND vs SA: लखनऊ में धुंध के कारण टी-20 मैच रद्द, यूपीसीए लौटाएगा टिकट की राशि

IND vs SA: लखनऊ में घने कोहरे के कारण रद्द हुआ टी-20 मैच, अब टिकट के पैसे वापस करेगा UPCA; करना होगा ये काम | UPCA will refund the full amount to ticket holders

लखनऊ: इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच निर्धारित चौथा टी-20 मुकाबला रद्द कर दिया गया। यह निर्णय घने धुंध और स्मॉग के कारण लिया गया। मैच बुधवार को शाम 7 बजे शुरू होना था, लेकिन स्टेडियम में दृश्यता अत्यधिक कम थी, जिससे टॉस भी नहीं हो सका। अंपायरों ने स्थिति की छह बार जांच की, लेकिन किसी सुधार के अभाव में अंततः रात करीब 9:30 बजे मैच को रद्द करने का फैसला किया गया।

UPCA का महत्वपूर्ण निर्णय

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने इस स्थिति में दर्शकों को राहत देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने गुरुवार को जानकारी दी कि सभी टिकट धारकों को उनके टिकट की पूरी कीमत लौटाई जाएगी।

‘कोई अतिरिक्त प्रक्रिया नहीं’

UPCA के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि जो लोग ऑनलाइन टिकट खरीदे हैं, उन्हें कोई अतिरिक्त प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा। रिफंड की राशि सीधे उनके मूल भुगतान माध्यम में स्वतः ट्रांसफर कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, रिफंड से संबंधित सारी जानकारी पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी। दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे अपने ईमेल को नियमित रूप से चेक करें, ताकि रिफंड की जानकारी समय पर प्राप्त हो सके।

ऑफलाइन टिकट धारकों के लिए अलग व्यवस्था

जिन दर्शकों ने ऑफलाइन टिकट लिए हैं, उनके लिए अलग प्रावधान किया गया है। ऐसे दर्शक 20, 21 और 22 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक इकाना स्टेडियम के गेट नंबर 2 पर स्थित बॉक्स ऑफिस के विशेष रिफंड काउंटर से अपनी राशि प्राप्त कर सकते हैं।

UPCA का निर्देश

ऑफलाइन रिफंड के लिए दर्शकों की स्वयं उपस्थिति अनिवार्य होगी। उन्हें अपने मूल प्रिंटेड टिकट के साथ एक सरकारी पहचान पत्र की फोटो कॉपी लानी होगी। इसके अलावा, रिफंड फॉर्म में बैंक विवरण भरकर जमा करना होगा। दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद रिफंड सीधे दर्शकों के बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाएगा। UPCA ने स्पष्ट किया है कि सभी रिफंड उचित सत्यापन के बाद ही किए जाएंगे, ताकि किसी को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Comments

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *