आईसीसी अंडर 19 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित किया

भारत ने पाकिस्तान को हराया, सेमीफाइनल में हुई एंट्री

नई दिल्ली: आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 58 रन से हराकर शानदार जीत हासिल की। इस टूनामेंट में भारत का विजय अभियान जारी है, जहां टीम ने अब तक कोई मुकाबला नहीं गंवाया है और सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। इस हार के साथ पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।

पाकिस्तान ने किया गेंदबाजी का निर्णय

इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज एरॉन जॉर्ज और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत में संभलकर खेलते हुए टीम को मजबूती प्रदान की, लेकिन यह साझेदारी लंबी नहीं चल सकी। वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए 30 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

कप्तान आयुष म्हात्रे का प्रदर्शन निराशाजनक

आगे बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान आयुष म्हात्रे से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह केवल 2 गेंदों का सामना कर सके और बिना खाता खोले आउट हो गए। कप्तान का जल्दी विकेट गिरने से भारतीय टीम पर दबाव बढ़ गया, जिसके चलते भारत ने 47 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए।

वेदांत त्रिवेदी का शानदार योगदान

इसके बाद मध्य क्रम के बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी संभाली और टीम को संभालने का प्रयास किया। वेदांत त्रिवेदी ने 98 गेंदों में 68 रन बनाकर एक महत्वपूर्ण पारी खेली। उनके अलावा अंबरीश ने 29, कनिष्क चौहान ने 35 और खिलन पटेल ने 21 रन की पारी खेली। इन संघर्षों के चलते भारतीय टीम एक सम्मानजनक स्कोर बनाने में सफल रही।

पाकिस्तान की बल्लेबाजी में रही कमी

भारत द्वारा दिए गए लक्ष्य के पीछे दौड़ने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत भी खास नहीं रही। टीम को 23 रन पर पहला झटका लगा जब समीर मिन्हास 11 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर ने 42 रन और उस्मान खान ने 66 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन यह प्रयास भी नाकाम रहा।

भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह से बिखर गई। भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी मुश्किलें पेश कीं। कई बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सके। कप्तान आयुष म्हात्रे ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए 3 विकेट हासिल किए, वही, खिलन पटेल ने भी 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए। अंततः पाकिस्तान की टीम 46.2 ओवर में 194 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह शानदार गेंदबाजी और संयमित बल्लेबाजी के दम पर भारत ने यह मुकाबला अपने नाम किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top