जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी द्वारा जमशेदपुर महानगर के सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का समापन रविवार को हुआ। यह शिविर ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026’ के तहत आयोजित किया गया, जिसमें संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, डिजिटल सशक्तिकरण और पंचायत चुनाव की तैयारियों पर कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर के अंतिम दिन जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
ध्वज प्रणाम से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वज प्रणाम, योगाभ्यास और शाखा कार्यक्रम से की गई। इसके बाद विभिन्न सत्रों में संगठन की कार्यशैली, विचारधारा और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। पहले सत्र में झारखंड भाजपा के सह सोशल मीडिया संयोजक राहुल शाहदेव ने सोशल मीडिया, नमो ऐप और सरल ऐप के प्रभावी उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को आम जनता तक पहुंचाने में सक्रिय रहना चाहिए।
दूसरे सत्र में डॉ. समर सिंह ने विचार परिवार पर अपने विचार साझा किए, जबकि तीसरे सत्र में सत्यनारायण सिंह ने संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की भूमिकाओं पर चर्चा की। चौथे सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने भाजपा के इतिहास, राष्ट्रवादी विचारधारा और संगठनात्मक संस्कृति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और यहां तक कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।
समापन सत्र में वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा
समापन सत्र में डॉ. प्रदीप वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने की अपील की। झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र राय ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और पंचायत चुनाव में पार्टी की भूमिका पर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, सामाजिक समरसता बढ़ाने और गांव-गांव में केंद्र सरकार की योजनाओं को पहुंचाने पर जोर दिया।
इसके साथ ही उन्होंने झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और विकास कार्यों में उदासीनता के आरोप लगाए। शिविर में प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार, मीरा मुंडा, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, अमरप्रीत सिंह काले, देवेंद्र सिंह, अभय सिंह, गुंजन यादव, मिथिलेश सिंह यादव, जटाशंकर पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।