जमशेदपुर समाचार: सीनियर स्कूल पुरस्कार संध्या 2026-27 में मेधावी छात्रों का सम्मान, प्रतिभाओं को मिला अवसर

जमशेदपुर : जमशेदपुर पब्लिक स्कूल बारीडीह में शनिवार को सीनियर स्कूल पुरस्कार संध्या 2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेल, कला, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा।

दीप प्रज्जवलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति (AIWC) की ओर से टाटा मोटर्स के चिकित्सा सेवा प्रमुख डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जागरूकता पर आधारित नाटक, समूह गीत और सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की।

अनुशासन और परिश्रम का संदेश

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नमिता अग्रवाल ने अपने संबोधन में बोर्ड परीक्षाओं, खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता की कुंजी है। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।
मुख्य अतिथि डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों को अपनाने और देश के जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में प्राप्त संस्कार और शिक्षा ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।

सम्मानित विद्यार्थियों की सूची

समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कक्षा 10 की उत्कृष्ट छात्रा: कुमारी जम्पना श्रेया
प्राचार्या पुरस्कार (कक्षा 12): अनिमेष कुमार
प्रवीणता पुरस्कार: कक्षा 8, 9 एवं 11 के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी
कनक स्टार किड्स पुरस्कार:
कुमारी अंकिता कुमारी (कक्षा 12)
कुमारी जम्पना श्रेया (कक्षा 10)
अरिन रॉय (कक्षा 8)
छात्र सहानुभूति पुरस्कार: वंशिका कुमारी एवं ईशानी चक्रवर्ती (कक्षा 11)
सेवा सर्वोपरि पुरस्कार: शुभोजीत मंडल, तमन्ना कुमारी, अदिति एवं नमन सर्राफ (कक्षा 12)
जमशेदपुर पब्लिक स्कूल बुलबुल ट्रॉफी: अदिति गोस्वामी एवं डी. सौरभ (कक्षा 11)
इसके साथ ही, 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों, सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों और सर्वश्रेष्ठ कलाकारों को भी विशेष ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ

उत्साह और उल्लास से भरे इस समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नेतृत्व क्षमता और सर्वांगीण विकास की भावना को प्रोत्साहित करते हैं तथा उन्हें जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top