हेमंत व कल्पना से मिला जेसोवा का प्रतिनिधिमंडल, दिवाली मेले के लिए किया आमंत्रित

स्वदेशी उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा

रांची। झारखंड आईएएस आॅफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने दोनों को 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय जेसोवा दिवाली मेले में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मेले में देश के विभिन्न राज्यों के कारीगरों, उद्यमियों और ग्रामीण महिलाओं के बनाए सामान बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। आयोजकों के अनुसार, इस बार 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें पारंपरिक कपड़े, फैशन से जुड़ी चीजें, हस्तशिल्प और घर सजाने के सामान शामिल होंगे।
जेसोवा का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ छोटे कारोबारियों, स्थानीय कारीगरों और महिला समूहों को बाजार उपलब्ध कराना है। मेले के माध्यम से उन्हें अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बिक्री बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही कला, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संगठन की ओर से चलाए जा रहे सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों और गतिविधियों की जानकारी भी दी।
प्रतिनिधिमंडल में जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमारी, उपाध्यक्ष अनीता सिंह, सचिव मनु झा, संयुक्त सचिव श्वेता शुक्ला, कोषाध्यक्ष शिवानी सिंह तथा कार्यकारिणी समिति की सदस्य रंजना कुमार और दिव्या श्री शामिल थीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top