झारखंड में एनडीए समर्थित परिमल नाथवानी की जीत से भाजपा में उत्साह
झारखंड राज्यसभा चुनाव में एनडीए के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में खुशी का माहौल है। चुनाव परिणाम आते ही भाजपा नेताओं ने इसे एनडीए की एकजुटता और संगठन की सफलता बताया। भाजपा कार्यालय से लेकर विधानसभा तक नेताओं ने नाथवानी को बधाई दी और उनके स्वागत में कार्यक्रम आयोजित किए। भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनका भव्य स्वागत किया गया, जहां उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कार्यकर्ताओं को झारखंड के विकास के लिए सक्रियता से काम करने का आश्वासन दिया।
आदित्य साहू का बयान- यह जीत सिर्फ शुरुआत है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह जीत एनडीए की एकजुटता, मजबूत संगठन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास आधारित नीतियों पर जनता के भरोसे का परिणाम है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की रणनीति इस चुनाव में विफल रही। एनडीए के विधायकों ने एकजुट होकर मतदान किया, जिससे विपक्ष द्वारा फैलाए गए दावों की सत्यता पर सवाल खड़े हो गए। साहू ने कहा कि यह केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि झारखंड में आने वाले राजनीतिक सफलताओं की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि परिमल नाथवानी का अनुभव राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बाबूलाल मरांडी ने कहा- नतीजा पहले से तय था
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि परिमल नाथवानी की उम्मीदवारी घोषित होते ही उनकी जीत सुनिश्चित मानी जा रही थी। उन्होंने कहा कि नाथवानी ने झारखंड से दो कार्यकाल तक सांसद रहते हुए अपनी विश्वसनीयता स्थापित की है। यही कारण है कि राज्य के विधायकों ने उन पर भरोसा जताया। मरांडी ने कहा कि कांग्रेस की हार पहले से तय थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस पार्टी को अपने नेताओं और विधायकों पर भरोसा नहीं हो, उसके लिए चुनाव जीतना कठिन होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नाथवानी विकास और जनहित के मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाएंगे।
कर्मवीर सिंह ने संगठन की ताकत को बताया जीत का कारण
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि यह जीत एनडीए की एकजुटता और मजबूत संगठन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि जब संगठन और संकल्प एक साथ होते हैं, तो सफलता निश्चित होती है। उन्हें उम्मीद है कि परिमल नाथवानी अपने अनुभव का लाभ झारखंड और देश दोनों को देंगे।
परिमल नाथवानी का संदेश- झारखंड मेरी कर्मभूमि है
भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए परिमल नाथवानी ने कहा कि झारखंड उनके लिए नया राज्य नहीं है। उन्होंने 2008 से 2020 तक राज्यसभा सदस्य के रूप में यहां का प्रतिनिधित्व किया है और अब दोबारा लौटना उनके लिए एक नई शुरुआत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सभी विधायकों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उनका समर्थन किया। नाथवानी ने कहा कि उनका ध्यान ग्रामीण झारखंड पर होगा, जहां वे रोजगार के नए अवसर पैदा करने, कौशल विकास बढ़ाने, कुटीर उद्योगों को सशक्त करने, और बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान केंद्रित करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता की सेवा का मौका मिलना उनके लिए गर्व की बात है।
वरिष्ठ नेताओं ने दी बधाई
परिमल नाथवानी की जीत पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद संजय सेठ, सरयू राय सहित भाजपा, आजसू, जदयू, लोजपा और एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, विधायकों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनकी जीत का स्वागत करते हुए इसे झारखंड के लिए सकारात्मक परिणाम बताया।