रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज बदल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को पलामू, गढ़वा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में एक नया लो प्रेशर एरिया विकसित हो रहा है, जो 30 अक्टूबर के बाद झारखंड के मौसम पर प्रभाव डाल सकता है। विभाग के अनुसार, राज्य में 2 नवंबर तक बारिश होने के आसार हैं। 4 नवंबर तक आंशिक बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर को झारखंड के पलामू, गढ़वा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तापमान में परिवर्तन
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान में अगले पांच दिनों तक कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन की संभावना नहीं है।