खूंटी एसपी ने थानेदार को किया लाइन हाजिर

खूंटी एसपी ने थानेदार को किया लाइन हाजिर, जांच टीम गठित
पुलिस छापामारी के दौरान तोरपा में धक्के से बुजुर्ग की मौत मामला

खूंटी। तोरपा थाना क्षेत्र के रोड़ो गांव में प्रतिबंधित मांस खरीद-बिक्री के आरोपी के घर पुलिस छापेमारी के दौरान बुजुर्ग की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में खूंटी एसपी अमन कुमार ने तोरपा थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार को लाइन हाजिर किया है। तत्काल पुलिस लाइन में योगदान का निर्देश दिया है। उधर, परिजनों के आरोप पर मुख्यालय डीएसपी जयदीप लकड़ा और पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा को पूरी घटना की संयुक्त जांच कर अविलंब रिपोर्ट देने को कहा है। इधर, मंगलवार को कांग्रेस के तीनों निलंबित विधायक जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी, खिजरी विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी खूंटी पहुंचकर मृतक मो निजामुद्दीन के परिवार वालों से मिलकर सांत्वना दिया, तीनों ने कानूनी मदद का भी भरोसा दिया। इरफान अंसारी ने कहा कि आधी रात को किसी के घर मे छापा मारने गई पुलिस के तौर तरीके गलत था। अगर वह आरोपी था तो दिन में पुलिस पकड़ने आती। कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना महिला पुलिस को लिए घर में घुसा और तीन दरवाजा को तोड़ दिया। घर की महिलाएं, बुजुर्ग व बच्चों के साथ दुर्व्यवहार किया। आरोपी इजहार अंसारी के पिता के साथ भी पुलिस धक्का मुक्की की। इसी के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई। किसी भी कीमत पर ऐसा बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top