नई दिल्ली: आज भारतीय क्रिकेट के शानदार विकेटकीपर और बल्लेबाज केएल राहुल का जन्मदिन है। उनका नाम आज क्रिकेट प्रेमियों के बीच एक प्रसिद्ध नाम बन चुका है और हर बच्चा उनके जैसे बनने का सपना देखता है। केएल राहुल का जन्म 18 अप्रैल 1992 को बेंगलुरु में हुआ था।
उनके फैंस के बीच केएल के नाम से मशहूर यह खिलाड़ी हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। केएल राहुल के नाम के पीछे की कहानी भी उतनी ही रोचक है जितनी उनकी क्रिकेट यात्रा। उनका पूरा नाम कननूर लोकेश राहुल है। आइए जानते हैं उनके नाम के पीछे की दिलचस्प कहानी।
केएल राहुल का नाम कैसे पड़ा
जानकारी के अनुसार, केएल राहुल का नाम उनके पिता, डॉ. के. एन. लोकेश ने रखा था। उनके पिता भारतीय क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों में से एक सुनील गावस्कर के बड़े प्रशंसक थे। इसलिए, उन्होंने अपने बेटे का नाम गावस्कर के बेटे के नाम पर रखने का निश्चय किया। लेकिन एक छोटी सी गलती के कारण उनका नाम राहुल पड़ा।
दरअसल, नाम रखते समय उनके पिता ‘रोहन’ की जगह ‘राहुल’ नाम भूलवश रख दिया और इसी तरह से केएल राहुल का नाम सामने आया।
मां ने 28 सालों बाद बताया नाम का सच
दिलचस्प बात यह है कि केएल राहुल की मां ने 28 वर्षों तक उनसे इस नाम के पीछे का असली कारण छिपाए रखा। उन्होंने हमेशा कहा कि उन्होंने यह नाम शाहरुख खान की फिल्म में ‘राहुल’ नाम को पसंद करने के कारण चुना था, लेकिन बाद में उन्हें इस बात की सच्चाई का पता चला।
क्रिकेट को बनाया करियर
केएल राहुल का बचपन से ही क्रिकेट की ओर झुकाव था। हालांकि, उनकी मां चाहती थीं कि वह इंजीनियर बनें। लेकिन राहुल ने अपने पैशन को चुना और महज दस साल की उम्र में प्रैक्टिस करना शुरू कर दिया।
कड़ी मेहनत करते हुए वह हर दिन बस से लंबी दूरी तय करके कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन जाते थे। उनकी मेहनत रंग लाई और आज वह भारतीय टीम के एक महत्वपूर्ण बल्लेबाज बन गए हैं।
क्रिकेट करियर का संक्षिप्त विवरण
केएल राहुल ने अपने करियर में कई यादगार पारियां खेली हैं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में 67 टेस्ट मैचों में 118 पारियों में 35.86 की औसत से 4053 रन बनाए हैं। वहीं, वनडे में उन्होंने 94 मैचों में 86 पारियों में 50.90 की औसत से 3360 रन बनाए हैं।
टी20 प्रारूप में, उन्होंने 72 मैच खेले हैं, जिसमें 37.75 की औसत से 2265 रन बनाए हैं। केएल राहुल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 21 शतक और 62 अर्धशतक जड़े हैं।