झारखंड में लैब सेवाएं डिजिटल, मोबाइल पर मिलेगी जांच रिपोर्ट।

झारखंड में लैब सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा

रांची: स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को नेपाल हाउस स्थित कार्यालय में मेरील कंपनी द्वारा लैब इंफॉर्मेशन सिस्टम का प्रस्तुतीकरण किया गया। इस अवसर पर अजय कुमार सिंह ने बताया कि राज्य की लैब सेवाओं को अब अत्याधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा। नई प्रणाली लागू होने के बाद मरीज अपनी जांच रिपोर्ट सीधे मोबाइल नंबर के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे। यह सिस्टम मेडिकल कॉलेज से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और इसे विभाग के मौजूदा हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि सेवाओं में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।

नए सिस्टम से जांच की निगरानी में होगी सुविधा

अपर सचिव विद्यानंद शर्मा ने कहा कि नई प्रणाली के लागू होने से जांच कार्यों की निगरानी करना आसान हो जाएगा। अब यह पता लगाना संभव होगा कि कितने मरीजों की जांच की गई है, किस प्रकार की जांचें की गई हैं, और विभिन्न जांचों के आंकड़े रियल टाइम में देखे जा सकेंगे। इसके अलावा, लैब में उपलब्ध रिएजेंट्स की स्थिति पर भी नजर रखना सरल होगा, जिससे समय पर खरीदारी संभव होगी और संसाधनों की बर्बादी को रोका जा सकेगा।

मेरील कंपनी द्वारा मुफ्त सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराया जाएगा

बैठक के दौरान मेरील कंपनी के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि यह सॉफ्टवेयर विभाग को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसे हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम के साथ-साथ ई-सुश्रुत सिस्टम से भी जोड़ा जाएगा। कंपनी ने पहले से ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्तर पर ऑटो और सेमी-ऑटो एनालाइजर मशीनें उपलब्ध कराई हैं, जिन्हें इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, अन्य कंपनियों की मशीनों को भी इस सिस्टम से कनेक्ट करने की सुविधा होगी। बैठक में विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और मेरील कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top