लूट के चार लाख में से जसीडीह पुलिस ने 3.60 लाख रूपये किये बरामद
देवघर। जसीडीह थाने की पुलिस ने कोड़ा गैंग के एक सदस्य को बिहार के कटिहार से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से लूट के 3.60 लाख रुपये भी बरामद किए गए। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी का नाम मनीष यादव है। जो बिहार के कटिहार जिले का घोड़ा गांव का रहने वाला है। 28 दिसंबर को जसीडीह थाना के पगला बाबा आश्रम के पास अज्ञात अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस घटना में रोहणी के रहने वाले दीपक कुमार मिश्रा बैंक से पैसे निकाल कर घर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने झपट्टा मारकर 4 लाख रुपये लूट लिए थे। इस संबंध में पीड़ित दीपक मिश्रा ने जसीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिहार के कटिहार से मनीष यादव को गिरफ्तार किया। देवघर के एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि 28 दिसंबर को लूट की घटना हुई थी। इसके बाद एसपी ने एक टीम का गठन किया था। इस टीम को सूचना मिली की लूट की घटना में मनीष यादव शामिल था और वह कटिहार में रहता है। इसके बाद जसीडीह पुलिस ने कटिहार पुलिस के सहयोग से मनीष यादव को उसके घर घोड़ा गांव से गिरफ्तार कर देवघर लाया गया।