मनोहरपुर-राउरकेला: गुरुवार रात मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर खजूर पुल के पास एक गंभीर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। शादी समारोह से लौट रहे लोगों की खुशी पल भर में मातम में बदल गई, जब बारात से लौट रही एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में युवक के पिता सहित सात अन्य लोग भी घायल हो गए।
तेज रफ्तार से हुआ हादसा
घटना के अनुसार, आनंदपुर प्रखंड के हारता गांव के करीब 16 लोग पिकअप वैन में सवार होकर शादी समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे जब वे मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर मेदासाई के खजूर पुल के समीप पहुंचे, तभी चालक ने संकीर्ण मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो दिया।
तेज रफ्तार के चलते पिकअप वैन पलट गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। घायल व्यक्तियों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।