पाटुंग गांव में नक्सलियों ने उड़ाया मोबाइल टावर

 चाईबासा | भाकपा माओवादी नक्सलियों द्वारा गोईलकेरा थाना अन्तर्गत कोल्हान रिजर्व वन क्षेत्र के अत्यंत सुदूरवर्ती एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र स्थित पाटुंग गांव में एक मोबाइल टावर को उड़ा दिये जाने की खबर है. नक्सलियों ने यह घटना 16 मई  मंगलवार की शाम लगभग छह बजे के करीब अंजाम दिया है. सूत्रों का कहना है कि दर्जनों हथियारबंद नक्सली पाटुंग गांव पहुंचे एवं ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया. उसके बाद पाटुंग स्कूल के पास एयरटेल टावर में विस्फोटक लगा उसे उड़ा दिया. हालांकि सूत्रों का कहना है कि टावर को अधिक नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन उसके डीजी सेट व अन्य उपकरण पुरी तरह से नष्ट हो गये हैं.

पुलिस टीम घटनास्थल के लिये रवाना

यह टावर 5-6 महिना पहले हीं ग्रामीणों को संचार सुविधा उपलब्ध कराने हेतु लगाया गया था. लेकिन अभी तक इस टावर के जरिये संचार सुविधा प्रारम्भ नहीं हुआ था. लगातार न्यूज के जिला ब्यूरों प्रभारी से बात करते हुये पुलिस अधीक्षक ने घटना की पुष्टि करते हुये बताया कि मामले की जांच की जा रही है कि यह घटना शॉर्ट सर्किट से हुई है या नक्सलीयों ने इसे अंजाम दिया है. जांच के बाद पूरा स्पष्ट होगा. पुलिस टीम घटनास्थल के लिये रवाना हो गई है. गौरतलब है कि नक्सलियों ने 15 मई को बंद का आह्वान किया था. लेकिन बंदी के दूसरे दिन यह टावर उड़ाया गया है. पाटुंग व बोरोई गांव पूरी तरह से नक्सल प्रभावित है. इस क्षेत्र के जंगल में पूर्व में कई बार पुलिस व नक्सलियों से मुठभेड़ हो चुकी है. भाकपा माओवादी के पोलित ब्यूरो सदस्य प्रशांत बोस उर्फ किसन दा, मिसिर बेसरा, विवेक दा समेत कई बडे़ माओवादी नेता इसी जंगलों में पहले शरण लेते रहे हैं.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top