मंत्री सुदिव्य से मिले विधायक संजीव सरदार, हरिणा मेले को राजकीय दर्जा देने की की मांग

पोटका विधायक की पर्यटन मंत्री से मुलाकात

रांची स्थित मंत्री आवास में पोटका विधायक संजीव सरदार ने बुधवार को झारखंड सरकार के पर्यटन, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात की। इस बैठक में विधायक ने पोटका क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

हरिणा मेले को राजकीय मेला घोषित करने की मांग

विधायक संजीव सरदार ने मंत्री से अनुरोध किया कि मुक्तेश्वर धाम हरिणा में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले प्रसिद्ध हरिणा मेले को राजकीय मेला घोषित किया जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रस्ताव पहले ही सरकार को भेजा जा चुका है और इसे शीघ्र स्वीकृति मिलनी चाहिए।

मेले का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व

विधायक ने जानकारी दी कि मुक्तेश्वर धाम हरिणा में हर साल आयोजित होने वाले मेले में झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओड़िशा से लाखों श्रद्धालु चार दिनों तक मंदिर दर्शन और मेले का आनंद लेने आते हैं। इस मेले ने क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती दी है।

आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता

उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस मेले को राजकीय मेला घोषित किया गया, तो यहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्रीय पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। विधायक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संस्कृति और परंपरा को संरक्षित करने के प्रयासों की भी सराहना की।

मंत्री का आश्वासन

इस मुद्दे पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने तत्काल पहल का आश्वासन दिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top