दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में आंदोलन, देवेन्द्रनाथ महतो ने सरकार से मांगे पूरी करने की अपील की।

झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती को लेकर आंदोलन तेज

रांची: झारखंड में JPSC–JSSC भर्ती प्रक्रिया को भ्रष्टाचार-मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए चल रहे आंदोलन की गति लगातार बढ़ती जा रही है। आज सत्याग्रह धरना का 11वां दिन है और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का तीसरा दिन है। आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में युवा, अभिभावक और समर्थक एकत्रित होकर इस आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं। छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि यह संघर्ष झारखंड के युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों के लिए निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि वे दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष के मार्ग पर चलते हुए युवाओं के हक और न्याय की लड़ाई को मजबूती से जारी रखेंगे।

भूख हड़ताल पर बैठने वाले नेता की स्वास्थ्य स्थिति चिंताजनक

तीन दिनों से जल और अन्न का त्याग कर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे देवेन्द्र नाथ महतो की स्वास्थ्य स्थिति अब काफी नाजुक बताई जा रही है। उनके ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर में गिरावट आई है। शरीर में तेज दर्द, कमजोरी, थकान, डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ रही हैं। डॉक्टरों की सलाह पर उनकी स्थिति को देखते हुए सलाइन चढ़ाया गया है।

आंदोलन जारी रखने का संकल्प

देवेन्द्र नाथ महतो ने स्पष्ट किया है कि जब तक झारखंड सरकार युवाओं की जायज मांगों पर गंभीरता से ध्यान नहीं देती और JPSC–JSSC में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या दल की नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों बेरोजगार युवाओं और उनके अभिभावकों के भविष्य और सम्मान की लड़ाई है।

युवाओं की बढ़ती संख्या का संकेत

आंदोलन स्थल पर युवा और अभिभावकों की बढ़ती संख्या यह दर्शाती है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और न्याय की मांग को लेकर राज्य के युवाओं में गहरी चिंता और आक्रोश है। देवेन्द्र नाथ महतो ने सरकार से अपील की है कि “सरकार हमारी मांगें पूरी करे। झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद हो और भर्ती परीक्षाओं को भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं से मुक्त कर पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।”

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top