नगर निगम 4.22 करोड़ की लागत बनाएगा फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट

धनबाद। सार्वजनिक शौचालयों और घरों से निकलने वाले मल-मूत्र की समस्याओं से शहर के लोगों को बहुत जल्द निजात मिलने वाला है।

नगर निगम चार करोड़ 22 लाख 14 हजार की लागत से फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का निर्माण करने जा रहा है। एफएसटीपी यानी फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 17 नवंबर को दोपहर तीन बजे नगर आयुक्त के साथ प्री-बिड मीटिग भी होगी। इसके लिए 29 नवंबर तक आनलाइन टेंडर डाला जाएगा। 30 नवंबर को इसकी निविदा खुलेगी। मल-मूत्र के निष्पादन के साथ ही मैला को बेहतर ढंग से तैयार कर व्यवसायिक रूप से इस्तेमाल भी किया जाएगा। एफएसटीपी का निर्माण सभीअंचल धनबाद, सिंदरी, झरिया, कतरास एवं छाताटांड़ में होगा। सार्वजनिक शौचालयों एवं घरों से निकलने वाले मैले का निष्पादन अभी तक पूरे नगर निगम क्षेत्र में कहीं भी नहीं हो रहा है। निगम की गाड़ी भी मैला निकालकर इधर-उधर नालों में फेंक देती है। शौचालय से निकाला गया मल खाली जगहों पर फेंका जा रहा है। एफएसटीपी निर्माण को लेकर जमीन की तलाश लगभग पूरी हो चुकी है। प्लांट निर्माण के लिए कम से कम आधा एकड़ जमीन चाहिए। सिंदरी और छाताटांड़ अंचल में प्लांट के लिए जमीन का चयन हो चुका है। अन्य तीनों अंचलों में जमीन की तलाश की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top